विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना हजार साल की सबसे बड़ी उपलब्धि', बोले पीएम मोदी

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:05 PM (GMT+05:30)

प्रधानमंत्री मोदी ने 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने को पिछले हजार साल की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया और विपक्ष पर परोक्ष निशाना साधा। 

50 करोड़ लोगों को गरीबी से निकालना हजार साल की उपलब्धि (फोटो- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 22 नवंबर, 2026 गुजरात )

50 करोड़ लोगों को गरीबी से निकालना हजार साल की उपलब्धि (फोटो- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 22 नवंबर, 2026 गुजरात )

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। देश के करीब 50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना पिछले एक हजार साल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह बात कहते हुए विपक्ष पर परोक्ष निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि गुलामी की मानसिकता से ग्रस्त कुछ लोगों को यह उपलब्धि इसलिए स्वीकार नहीं हो रही, क्योंकि यह सब मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुआ है।

उन्होंने कहा कि सदियों की गुलामी ने देश को गरीबी में धकेला, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। प्रधानमंत्री ने इसे आजादी के बाद का भी एक बड़ा बदलाव बताया और कहा कि आने वाली पीढ़ियां इस दौर को देश के स्वर्ण युग के रूप में देखेंगी।

अत्यधिक गरीबी दर 2.6% तक घटी: विश्व बैंक

प्रेट्र के अनुसार, गुजरात के सभी 182 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित दिवाली स्नेह मिलन कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के प्रयासों से यह बदलाव संभव हुआ है।

उन्होंने कहा कि आजादी के लिए अपना जीवन कुर्बान करने वाले लोग भी गरीबी के खिलाफ देश की इस लड़ाई को सफल होते देखकर गर्व महसूस करते।

विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 के 27.1 प्रतिशत से घटकर 2023 में 2.6 प्रतिशत रह गई है। इस अवधि में करीब 49.6 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं।

मोदी ने कहा, 'मुझे पता है कि कई लोग अब भी इसे खुलकर कहने में हिचकिचाते हैं, क्योंकि यह सब भाजपा शासन में हुआ है। उन्हें यह बात पसंद नहीं आती। लेकिन उन्हें पसंद आए या न आए, हमें इस बात की संतुष्टि है कि हमारी कोशिशें रंग लाई हैं।'

गुजरात से शुरू हुआ सामाजिक न्याय का अभियान

आइएएनएस के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा कि इस साल की दिवाली उनके लिए खास है, क्योंकि अक्टूबर 2001 में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने गुजरात के दीसा में आयोजित गरीब कल्याण मेलों का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबी से लोगों को बाहर निकालने की पहल वहीं से आगे बढ़ी।

इन कार्यक्रमों ने जरूरतमंदों में भी यह संकल्प पैदा किया कि उन्हें गरीबी में नहीं रहना है। मुख्यमंत्री रहते हुए शुरू किए गए इन प्रयासों को केंद्र सरकार में आने के बाद भी आगे बढ़ाया गया।

बैंक खाते और आयुष्मान कार्ड का भी योगदान

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबों के बैंक खाते खोलने, महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन देने और जरूरतमंद परिवारों तक बिजली कनेक्शन व आयुष्मान कार्ड पहुंचाने जैसी योजनाओं का शुरुआत में मजाक उड़ाया गया और उनकी उपयोगिता पर सवाल उठाए गए।

लेकिन सरकार ने एक के बाद एक योजनाएं लागू कर उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास बैंक खाते नहीं थे, उनमें बड़ी संख्या दलित, आदिवासी, वंचित और गरीब परिवारों की थी। महिलाओं को भी इन योजनाओं से सीधा लाभ मिला।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।