विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पड़ोसी पहले: भारत ने बांग्लादेशी पीएम तारिक रहमान को ब्रिक्स सम्मेलन के लिए किया आमंत्रित

By Jayaprakash RanjanEdited By: Shubham Kumar
Published: Thu, 23 Jul 2026 11:06 PM (IST)

भारत ने सितंबर 2026 में नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को निमंत्रण भेजा है। यह कदम दोनों देशों के बीच संबंधों को नई मजबूती देने और क्षेत्रीय साझेदारी को प्राथमिकता देने की दिशा में एक अहम कूटनीतिक पहल है।

तारिक रहमान और पीएम मोदी।

तारिक रहमान और पीएम मोदी।

HighLights

  1. पीएम मोदी ने बांग्लादेशी पीएम को ब्रिक्स के लिए बुलाया।

  2. सितंबर 2026 में नई दिल्ली में होगा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन।

  3. यह निमंत्रण भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करेगा।

जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। बांग्लादेश के साथ रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में भारत ने एक अहम कूटनीतिक कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सितंबर 2026 में नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान को निमंत्रण भेजा है। दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर संवाद पहले ही शुरू हो चुका है।

सूत्रों के अनुसार बहुत ज्यादा संभावना है कि रहमान इसे स्वीकार करते हुए नई दिल्ली पहुंचेंगे। यह यात्रा उनके प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी, जो दोनों पड़ोसियों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ सकती है।

बांग्लादेशी विदेश राज्य मंत्री ने की पुष्टि

ढाका में बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय में संवाददाताओं से बातचीत में वहां के विदेश राज्य मंत्री शमा ओबाएद इस्लाम ने इस बात की पुष्टि की है कि पीएम रहमान को भारतीय पक्ष से निमंत्रण पत्र मिला है। सनद रहे कि भारत रहमान सरकार के साथ संबंधों को सुधारने में लगातार जुटा हुआ है। हालांकि रहमान सरकार की तरफ से मिश्रित संकेत दिए जा रहे हैं। हाल ही में रहमान ने चीन की यात्रा की थी और भारत को चुभने वाले कई समझौते किए हैं।

ऐसे में रहमान को आमंत्रित करने के बारे में भारतीय सूत्रों का कहना है कि भारत की बांग्लादेश को लेकर नीति किसी राजनीतिक दल के आने या जाने से नहीं बदलेगी। इस तरह का आमंत्रण इस बात का सुबूत होगा कि नई दिल्ली पड़ोसी देश के साथ संबंधों को निरंतरता और स्थिरता के आधार पर आगे बढ़ाना चाहती है। भारत ने पहले वर्ष 2016 में जब ब्रिक्स शिखर सम्मेलन गोवा में आयोजित किया था, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को आमंत्रित किया था।

उस समय ब्रिक्स के साथ ही बिम्सटेक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया था, जिसमें बांग्लादेश समेत क्षेत्रीय देशों की भागीदारी सुनिश्चित की गई थी। इसके बाद जी-20 सम्मेलन में भी भारत ने बांग्लादेश को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था। उक्त दोनों बैठकों में तत्कालीन पीएम हसीना ने हिस्सा लिया था।

12-13 सितंबर को होने वाला है ब्रिक्स शिखर सम्मेलन

18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाला है। इसमें चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के हिस्सा लेने की संभावना है। साथ ही ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान भी आ सकते हैं।

बतौर अध्यक्ष भारत सदस्य देशों के अलावा कई गैर-सदस्य देशों को भी विशेष अतिथि के रूप में बुला सकता है। बांग्लादेश ब्रिक्स का सदस्य नहीं है, फिर भी इस आमंत्रण से साफ संकेत मिलता है कि भारत क्षेत्रीय साझेदारी और पड़ोसी देशों के साथ संवाद को प्राथमिकता दे रहा है। हालांकि, ढाका की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर निमंत्रण स्वीकार या अस्वीकार का कोई फैसला घोषित नहीं किया गया है।

यह पहल उस पृष्ठभूमि में अहम है जब रहमान फरवरी 2026 में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से भारत-बांग्लादेश संबंधों को रीसेट करने का प्रयास कर रहे हैं। मोदी ने रहमान के चुनाव जीतने के तुरंत बाद बधाई दी थी और उन्हें परिवार सहित भारत आने का निमंत्रण भेजा था।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेकर यह पत्र सौंपा था। हालांकि रहमान ने अपनी पहली विदेश यात्रा मलेशिया और चीन की ओर की, लेकिन दोनों पक्षों के बीच उच्च स्तरीय संपर्क जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।