विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पिछले दशक के प्रयासों से मजबूत हुई देश की ऊर्जा सुरक्षा', बेंगलुरु में बोले पीएम मोदी; कहा-युद्ध के संकट का किया आत्मविश्वास से सामना

Published: Sat, 14 Nov 2026 12:00 AM (GMT+05:30)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले दशक के प्रयासों से भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हुई है, जिससे पश्चिम एशिया ...और पढ़ें

पिछले दशक के प्रयासों से मजबूत हुई देश की ऊर्जा सुरक्षा-मोदी

पिछले दशक के प्रयासों से मजबूत हुई देश की ऊर्जा सुरक्षा-मोदी

HighLights

  1. भारत की ऊर्जा सुरक्षा पिछले दशक के प्रयासों से मजबूत हुई।

  2. कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं शुरू।

  3. बेंगलुरु मेट्रो, वंदे भारत ट्रेन, एलईडी तारामंडल का उद्घाटन।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने के लिए पिछले दशक में उठाए गए कदमों से देश को पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से पैदा हुई चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना करने में मदद मिली है।

उन्होंने पिछले वर्षों के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति का ब्योरा भी दिया।बेंगलुरु और मैसूरु में आयोजित कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में रेलवे और ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों की 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

बेंगलुरु में एक सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि ईरान व उसके आसपास और खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध ने ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को दिखाया है। यह भारत के लिए भी चुनौतीपूर्ण समय रहा। हालांकि, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने के लिए पिछले दशक में उठाए गए कदमों से देश को इस संकट का आत्मविश्वास से सामना करने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा कि इन कदमों में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाना, कच्चा तेल भंडारण की सुविधाएं विकसित करना, नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार करना, रेलवे का लगभग 100 प्रतिशत विद्युतीकरण करना और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाना शामिल है।

मोदी ने कहा कि शुक्रवार को कर्नाटक में जिन तीन परियोजनाओं का उद्घाटन या शुभारंभ किया गया, वे भी भारत की ऊर्जा सुरक्षा को नई मजबूती देंगी। इन परियोजनाओं में मेंगलुरु की एलपीजी भंडारण सुविधा शामिल है, जिससे देश की भंडारण क्षमता में 80,000 मीट्रिक टन की वृद्धि होगी।

बेंगलुरु में देवांगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल से पेट्रोल, डीजल व विमानन ईंधन की आपूर्ति मजबूत होगी, जबकि एक कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट से प्रतिदिन करीब 13 टन गैस का उत्पादन होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो गई है।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 60 लाख से अधिक परिवारों ने छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए हैं। कर्नाटक में ही इसके 40,000 लाभार्थी हैं। पीएम-कुसुम योजना के तहत राज्य में आठ लाख से अधिक सौर पंप किसानों को सिंचाई की सुविधा दे रहे हैं।

मेट्रो के एलिवेटेड खंड का किया उद्घाटन

मोदी ने बेंगलुरु में करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से बनी नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहार और तवरेकेरे के बीच 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड खंड का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री शिवकुमार, राज्यपाल सुधा यादव और अन्य लोगों के साथ सफर भी किया।

उन्होंने बेंगलुरु से मेंगलुरु के रास्ते मडगांव (गोवा) जाने वाली वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के चामराजनगर, चिक्कमेंगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का उद्घाटन किया।

पहला एलईडी तारामंडल देश को समर्पित

प्रधानमंत्री ने मैसूरु में विश्वविद्यालय परिसर में देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल (प्लेनेटेरियम) राष्ट्र को समर्पित किया। इसके अलावा बेंगलुरु में स्वामी विवेकानन्द योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) द्वारा संचालित योग एवं अनुसंधान केंद्र प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि योग को लोकप्रिय बनाने के देश के प्रयासों से पिछले दशक में इसे दुनियाभर में पहचान मिली है।

सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।