विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आसियान देशों के साथ संबंध भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के केंद्र में', शिखर सम्मेलन से पहले बोले पीएम मोदी

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:31 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान, ईस्ट एशिया और क्वाड शिखर सम्मेलनों में हिस्सा ले रहे हैं।

आसियान देशों के साथ संबंध भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के केंद्र में।

आसियान देशों के साथ संबंध भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के केंद्र में।

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।

  2. क्वाड नेताओं की बैठक में ट्रंप, जापान और ऑस्ट्रेलिया के पीएम भी।

  3. भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति आसियान संबंधों का केंद्र बिंदु।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के आमंत्रण पर दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मोदी मंगलवार को 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और उसके बाद 21वें ईस्ट एशिया सम्मेलन के शुरुआती सत्र को संबोधित करेंगे।

कुछ घंटों बाद ही वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अलबनीजी के साथ बहुप्रतीक्षित क्वाड नेताओं की बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा मोदी कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे, जिनमें फिलीपींस के राष्ट्रपति के साथ बैठक प्रमुख है। भारतीय समुदाय से भी उनकी मुलाकात तय है।

मनीला रवाना होने से पहले जारी बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ संबंध भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के केंद्र में हैं और हमारे ‘महासागर’ दृष्टिकोण में इनका महत्वपूर्ण स्थान है।

प्रधानमंत्री मोदी के मुताबिक, 'सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हमारे संबंध अब व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और जन-जन संबंधों तक फैल चुके हैं। भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में मैं साथी नेताओं के साथ काम करके हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति को और गति देने व विकास, कनेक्टिविटी और समृद्धि की साझा आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने की आशा करता हूं।

ईस्ट एशिया सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। मैं हिंद प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए उत्सुक हूं।'

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी में नई ऊर्जा का संचार करेगी और एक शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा लचीले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह फिलीपींस में भारतीय समुदाय से बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं, जिनके योगदान से दोनों देशों के बीच दोस्ती के रिश्ते और मजबूत होते हैं।

ट्रंप-पुतिन-चिनफिंग की बैठक से पहले होगी क्वाड बैठक

मंगलवार को होने वाली क्वाड शिखर बैठक कई मायनों में अहम है। यह तकरीबन दो वर्ष बाद होने जा रही है। पिछली बैठक सितंबर, 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी। यह ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की पहली क्वाड बैठक होगी। क्वाड के विदेश मंत्रियों की तीन बैठकें पिछले छह महीने में हो चुकी हैं, लेकिन शिखर सम्मेलन नहीं होने से संगठन को लेकर सवाल उठने लगे थे।

क्वाड शिखर सम्मेलन वर्ष 2025 में भारत में होना था, लेकिन ट्रंप प्रशासन के तवज्जो नहीं देने से नहीं हो सका। क्वाड शिखर सम्मेलन की घोषणा सोमवार दोपहर भारतीय विदेश मंत्रालय ने की। ट्रंप इस सम्मेलन के लिए तब तैयार हुए हैं, जब उनकी सरकार 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ पहली त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन की तैयारी में उलझी है।

त्रिपक्षीय बैठक से पहले क्वाड साझेदारों को ट्रंप दिलाना चाहते हैं भरोसा

ट्रंप, पुतिन और चिनफिंग की इस मुलाकात को अभी से आधुनिक वैश्विक युग के एक युगांतकारी आयोजन के तौर पर देखा जाने लगा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस सम्मेलन से पहले क्वाड शिखर बैठक का आयोजन कर ट्रंप प्रशासन अपने क्वाड साझेदारों को भरोसा दिलाना चाहता है कि उनके लिए यह संगठन अभी भी महत्वपूर्ण है। यही वजह है कि पहली बार यह सम्मेलन किसी गैर-क्वाड देश में आयोजित किया जा रहा है।

बैठक में हिंद-प्रशांत में समुद्री सुरक्षा, मुक्त और खुले समुद्री मार्ग, महत्वपूर्ण खनिज तथा आपूर्ति शृंखला की मजबूती जैसे मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। साथ ही यह देखना दिलचस्प होगा कि क्वाड नेतृत्व अपना कोई नया एजेंडा बनाता है या सितंबर, 2024 के डेलावेयर घोषणा-पत्र को आगे बढ़ाने का काम करता है।

आसियान में हैं 11 सदस्य

1967 में स्थापित आसियान को इस क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली समूहों में से एक माना जाता है। इसके 11 सदस्य हैं- ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम। भारत, अमेरिका, चीन, जापान तथा आस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश इसके डायलाग पार्टनर हैं। इस वर्ष के सम्मेलन की थीम "नेविगेटिंग द फ्यूचर" है।

ईस्ट एशिया समिट, आसियान के नेतृत्व वाला एक समूह है, जिसमें इसके 11 सदस्य देशों के अलावा भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस जैसे आठ देश शामिल हैं।

भव्य रात्रिभोज में हुए शामिल

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित भव्य रात्रिभोज में हिस्सा लिया। इसमें आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों में शामिल होने आए नेता और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इस अवसर पर मोदी ने बारोंग तागालोग पहना था जो यह फिलीपींस के पुरुषों की औपचारिक राष्ट्रीय पोशाक है। रात्रिभोज में वहां की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और व्यंजन भी शामिल थे।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।