विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कुछ लोगों को देश का विकास अच्छा नहीं लग रहा', गुजरात में बोले पीएम मोदी

Published: Fri, 30 Oct 2026 12:45 PM (IST)Updated: Fri, 30 Oct 2026 01:03 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो-YouTube/Narendra Modi)

गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो-YouTube/Narendra Modi)

HighLights

  1. बनासकांठा में पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

  2. पीएम किसान सम्माननिधि की 24वीं किस्त जारी की गई।

  3. प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर देश के विकास को नापसंद करने का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के बनासकांठा में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उनका उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने माताओं, बच्चों, किसानों और पशुपालकों के सशक्तिकरण से जुड़ी कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम किसान सम्माननिधि की 24वीं किस्त भी जारी की।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'विपक्षी नेता मोदी को बदनाम करना चाहते हैं। उन्हें देश का विकास अच्छा नहीं लग रहा। देश में संकट आने पर उन्हें खुशी मिलती है।'

'हमने किसानों पर बोझ नहीं पड़ने दिया'

पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट युद्ध के चलते देश के सामने आई समस्याओं के बारे में भी जिक्र किया। पीएम ने कहा, 'जब दुनिया में खाद के दामों में उछाल आया, तब भी हमने अपने देश के किसानों पर इस महंगी खाद का बोझ नहीं पड़ने दिया।'

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 'दुनिया में फर्टिलाइजर की कीमत आसमान तक पहुंची। यूरिया की कीमतें बढ़ीं। फिर भी हमने अपने देश के किसानों पर महंगाई का असर नहीं पड़ने दिया।'

'MSP का वादा पूरा किया'

प्रधानमंत्री मोदी ने MSP पर अपनी सरकार के काम को बताते हुए कहा, 'पिछली सरकारों ने MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) के मुद्दे पर भी किसानों को केवल धोखा दिया, लेकिन हमारी सरकार ने ही MSP का अपना वादा पूरा किया है।'

पीएम ने आगे कहा, 'पिछले 12 वर्षों में, गेहूं और धान के किसानों के खातों में MSP के रूप में 24 लाख करोड़ रुपये पहुंच चुके हैं।'

खेती का तकनीक के साथ विकास

प्रधानमंत्री ने खेती को टेक्नोलॉजी से जोड़ने के उदाहरण के बारे में बताते हुए कहा, 'खेती हमारे देश की परंपरा भी है और हमारी संस्कृति भी। पिछले 12 वर्षों में, हमारी सरकार ने खेती में विज्ञान और तकनीक को बड़े पैमाने पर शामिल किया है।

पीएम ने आगे कहा, 'हमने खेती और पशुपालन को वैज्ञानिक तरीकों से जोड़ा है। सॉइल हेल्थ कार्ड (मृदा स्वास्थ्य कार्ड) इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण है। पहले, किसानों के लिए यह पता लगाना मुश्किल होता था कि उनके खेतों को किस खाद की और कितनी मात्रा में जरूरत है।'

प्रधानमंत्री ने बताया, 'सॉइल हेल्थ कार्ड ने इस समस्या को हल कर दिया है। आज, देश के किसानों के पास 26 करोड़ से अधिक 'सॉइल हेल्थ कार्ड' मौजूद हैं। इन्होंने खेती के तरीकों में आधुनिकता लाई है।'

पशुपालन को मजबूत बनाने पर जोर

पीएम मोदी ने कहा, 'आप 'राष्ट्रीय गोकुल मिशन' के बारे में जानते हैं, जिसके तहत देसी नस्लों के वैज्ञानिक प्रजनन और संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। बनासकांठा में स्थापित अनुसंधान केंद्र इस मिशन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।'

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 'आज यहां दो बायो-CNG प्लांट की आधारशिला भी रखी गई है। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है: पशु स्वस्थ रहें, दूध का उत्पादन बढ़े और गोबर का भी पूरा उपयोग हो। हम पशुपालन को केवल एक परंपरा के रूप में ही नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने और गांवों को समृद्ध बनाने के एक माध्यम के रूप में विकसित कर रहे हैं।'

पीएम किसान सम्माननिधि की 24वीं किस्त जारी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये सीधे छोटे किसानों के बैंक खातों में भेजे गए हैं।

पीएम ने आगे कहा, 'दशकों तक छोटे किसानों की जरूरतों को अनदेखा किया गया, जबकि भारत के कुल किसान समुदाय में 85% से अधिक छोटे किसान ही हैं। हमारी सरकार ने उनके कल्याण को प्राथमिकता दी है और 'पीएम-किसान सम्मान निधि' के माध्यम से उन्हें सीधी आर्थिक सहायता पहुंचाई है।'

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी ने बनासकांठा में किया 325 करोड़ रुपये के पशु प्रजनन केंद्र का उद्घाटन, भिलडी गांव में रोड शो