पीएम मोदी ने बनासकांठा में किया 325 करोड़ रुपये के पशु प्रजनन केंद्र का उद्घाटन, भिलडी गांव में रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी में 325 करोड़ रुपये के भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया।

गुजरात दौरे पर पीएम मोदी।
HighLights
पीएम मोदी ने भिलडी में BBBRC का उद्घाटन किया।
केंद्र का लक्ष्य देसी नस्लों में सुधार, दूध बढ़ाना।
आधुनिक IVF तकनीक से 25,000 भ्रूण उत्पादन।
डिजिटल डेस्क, पालनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य देसी मवेशियों की नस्लों में सुधार करना और दूध उत्पादन को बढ़ाना है। इसके साथ ही उन्होंने यहां एक रोड शो भी किया।
राज्य के अपने दो दिवसीय दौरे के तहत भिलडी पहुंचे प्रधानमंत्री ने केंद्र का दौरा किया और वहां के कामकाज को समझने के लिए अधिकारियों से बातचीत की। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 127 एकड़ में फैले और 325 करोड़ रुपये की लागत से बने इस बीबीबीआरसी को बनास डेयरी ने स्थापित किया है। इसमें नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड का तकनीकी मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के राष्ट्रीय गोकुल मिशन का सहयोग शामिल है।
सीएम भूपेंद्र पटेल भी रहे मौजूद
इस मौके पर प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और बनास डेयरी के चेयरमैन शंकर चौधरी भी मौजूद थे, जो गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष भी हैं। यह केंद्र देसी मवेशियों की नस्लों की गुणवत्ता सुधारने और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) और एम्ब्रियो ट्रांसफर (भ्रूण स्थानांतरण) जैसी आधुनिक प्रजनन तकनीकों का इस्तेमाल करेगा। बयान के मुताबिक, इसका लक्ष्य हर साल 25,000 उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण तैयार करना है।
यह केंद्र कांकरेज, गिर, साहीवाल और थारपारकर जैसी देसी गायों की नस्लों के साथ-साथ मेहसाणी, बन्नी, जाफराबादी और मुर्रा जैसी भैंसों की नस्लों पर ध्यान केंद्रित करेगा। इस पहल का मकसद डेयरी किसानों की मदद करना है, ताकि वे कम पशुओं से ज्यादा दूध प्राप्त कर सकें। यह ऐसे समय में महत्वपूर्ण है जब पशुओं के रखरखाव का खर्च बढ़ रहा है और चारे की उपलब्धता कम होती जा रही है।
सरकार ने बताया कि यह केंद्र पशुपालकों को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाला सीमेन (वीर्य), भ्रूण और प्रजनन संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराएगा। बयान के अनुसार, अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भिलडी में बनास डेयरी की पांच बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो भी किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी कस्बे में एक रोड शो किया। वे यहां 14,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करने तथा पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करने पहुंचे थे।
पीएम मोदी एक खुली जीप में सवार थे। उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद थे। उन्होंने हेलीपैड से लेकर गांव में स्थित बनास डेयरी प्लांट तक रोड शो किया। उनका स्वागत करने के लिए सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में लोग जमा हुए थे। मोदी ने भीड़ की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जबकि लोग उनका नाम पुकार रहे थे और तरह-तरह के नारे लगा रहे थे।
लोगों के हाथों में ऐसे प्लेकार्ड भी थे जिन पर लिखा था, "जब तक भारत विकसित नहीं होगा, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।" कुछ प्लेकार्ड पर यह भी लिखा था कि "जब तक भारत आत्मनिर्भर नहीं बन जाता, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।" एक अन्य प्लेकार्ड पर लिखा था, "जब तक भारत दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में से एक नहीं बन जाता, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।"
माना जा रहा है कि ये प्लेकार्ड कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हालिया बयान के जवाब में थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि "मोदी के पिता को भी जाना पड़ेगा।" पीएम मोदी गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार को वे केवड़िया के एकता नगर में 'एकता परेड' में शामिल होंगे और कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे।
