विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’, खरगे की 'बाप' वाली टिप्पणी के जवाब में भाजपा का न्यू सॉन्ग

Published: Wed, 28 Oct 2026 08:53 PM (IST)Updated: Wed, 28 Oct 2026 08:56 PM (IST)

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की पीएम मोदी पर 'बाप' टिप्पणी के जवाब में भाजपा ने एक गीत जारी कर अपना सोशल मीडिया अभियान तेज किया है।

खरगे की 'बाप' वाले बयान पर भाजपा का पलटवार।

खरगे की 'बाप' वाले बयान पर भाजपा का पलटवार।

HighLights

  1. खरगे की 'बाप' टिप्पणी पर भाजपा ने गीत जारी किया।

  2. गीत में कहा, 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे, जनता ने चुना'।

  3. भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर गीत साझा किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में की गई ‘बाप’ वाली टिप्पणी के विरुद्ध इंटरनेट मीडिया पर अपना अभियान तेज करते हुए भाजपा ने एक गीत जारी किया है। गीत के जरिये पार्टी ने कहा है कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे, क्योंकि उन्हें जनता ने चुना है।

भाजपा के शीर्ष नेताओं से लेकर केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के कई पदाधिकारियों तक, सभी ने इस मुद्दे पर 'एक्स' और 'इंस्टाग्राम' जैसे इंटरनेट मीडिया मंचों पर पोस्ट कीं। इन पोस्ट के साथ मोदी की विभिन्न तस्वीरों से सजा यह गीत साझा किया गया।

इन नेताओं ने साझा किया यह म्यूजिक

भाजपा नेता संबित पात्रा, पीयूष गोयल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी अपने-अपने एक्स हैंडल पर यह म्यूजिक वीडियो साझा किया। गीत के बोल हैं, 'आंखें झुका लो, कान खोलकर सुन लो, मोदी कहीं नहीं जाएगा, मोदी कहीं नहीं जाएगा।

गीत में विपक्ष पर कसा गया तंज

इसमें विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा गया है, 'तुमने सोचा झुका दोगे, पर शेर नहीं झुकता, जनता का जो साथ है, वह कभी नहीं रुकता।' विपक्ष पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए गीत कहता है, 'तुम गाली पर गाली दो, वह काम दिखाता है, सपनों के भारत को वह आगे बढ़ाता है।'

गीत में आगे कहा गया है, 'कान खोलकर सुनो, यह देश मोदी का है, मोदी कहीं नहीं जाएगा।' गौरतलब है कि मोदी के विरुद्ध खरगे की विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा और कांग्रेस ने इंटरनेट मीडिया पर एक-दूसरे के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे को निशाना बनाने के लिए वीडियो, ग्राफिक्स और एआइ से तैयार सामग्री साझा कर रही हैं।