विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हर गली में हर खबर पर विशेषज्ञ मौजूद हैं', पीएम मोदी ने बताया मीडिया का बदलता स्वरूप

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:38 PM (IST)

पीएम मोदी ने कहा कि आजकल हर गली में हर खबर पर विशेषज्ञ मौजूद हैं और लोकतंत्र को जीवंत रखने में विविध राय की अहम भूमिका है।

पीएम मोदी ने बताया मीडिया का बदलता स्वरूप (फोटो-एएनआइ)

पीएम मोदी ने बताया मीडिया का बदलता स्वरूप (फोटो-एएनआइ)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अपने राजनीतिक जीवन में मीडिया की बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के दीपावली मिलन समारोह में कहा कि आजकल, हर गली में हर खबर पर विशेषज्ञ उपलब्ध हैं।

जितने मुंह, उतनी बातें का उल्लेख करते हुए पीएम ने जहां थोड़ी चुटकी ली वहीं इन विविध राय का लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका को रेखांकित किया।

मीडिया का बदलता स्वरूप

भाजपा मुख्यालय में दिवाली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विकसित होती तकनीक ने मीडिया की प्रकृति को नाटकीय रूप से बदल दिया है। इससे पारंपरिक मीडिया का काम कुछ आसान हुआ है, लेकिन साथ ही बिल्कुल नई चुनौतियां भी सामने आई हैं।

मीडिया के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले बड़ी ओवी वैन के लिए संघर्ष होता था, लेकिन आज, मोबाइल फोन ही ओवी वैन बन गया है। आज, हर किसी के पास अपना मंच है, अपना चैनल है, और अपना पॉडकास्ट है। जैसे पहले भारत में हर गली में क्रिकेट विशेषज्ञ मिलने की बात कही जाती थी, उसी तरह से आजकल, हर गली में हर खबर पर विशेषज्ञ उपलब्ध हैं।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिस तरह बिना सटीक जानकारी विचार परोसे जा रहे हैं, वह कभी कभी खतरनाक भी होता है। विभिन्न मंचों पर ऐसे पनपते तथाकथित मीडिया को लेकर चिंता भी जताई जा रही है। बहरहाल प्रधानमंत्री ने भारतीय लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखने में मीडिया की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी हमारे फील्ड रिपोर्टर बाढ़, तबाही, भूकंप से लेकर सभी जगह पर कवरेज के लिए मौके पर पहुंचते हैं।

पीएम ने मीडिया में खबरों की डेडलाइन के फायदे गिनाते हुए कहा कि इसी तरह से भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सरकार ने 2047 की डेडलाइन तय कर दी है। उन्होंने डेडलाइन को पूरा करने में मीडिया से समर्थन मांगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 से पहले भी इसे हासिल किया जा सकता है। सकारात्मक रूप से हर क्षेत्र में लगने की जरूरत है। 2014 से अब तक बारह सालों में आए परिवर्तन को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया को भी भारत की खबरों पर केंद्रित होना चाहिए।

पीएम ने कहा कि मीडिया की भूमिका अहम होती है। पहले भी कई अभियानों में मीडिया ने योगदान दिया। अब भारत को नशा मुक्त बनाने में उसी उर्जा की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- '50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया', पीएम मोदी ने विकसित देश बनाने का दिया संदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।