UP-MP से मुंबई जाना हुआ आसान: मंगलवार से चलेंगी दो नई अमृत भारत ट्रेनें, कितना लगेगा समय?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बनारस से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जो उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को महाराष्ट्र से जोड़ेंगी।

मंगलवार को पीएम मोदी दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लाखों यात्रियों, खासकर मजदूरों, छात्रों और तीर्थयात्रियों के लिए राहत की खबर है। अमृत भारत एक्सप्रेस की दो नई ट्रेनें बनारस-पुणे (हड़पसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) का संचालन शुरू होने जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को बनारस से दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। दोनों ट्रेनें पूरी तरह नॉन एसी हैं, लेकिन सुविधाएं आधुनिक हैं। इन्हें निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
कितना लगेगा समय?
बनारस-पुणे ट्रेन प्रतिदिन चलेगी और करीब 29 घंटे 50 मिनट में गंतव्य तक पहुंचाएगी। इसी तरह अयोध्या-मुंबई ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी, जो अधिकतम 28 घंटे में पहुंचाएगी।
इनके संचालन से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को महाराष्ट्र से जोड़ते हुए आस्था, रोजगार और शिक्षा का नया अवसर खुलेगा और आम आदमी को कम खर्च में बेहतर और सम्मानजनक सफर का अनुभव मिलेगा।
आस्था के दृष्टिकोण से भी यह पहल महत्वपूर्ण है। काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक पहुंच अब और आसान तथा किफायती हो जाएगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
ट्रेनों में मिलेंगी ये सुविधाएं
ट्रेनों में जनरल और स्लीपर कोच के साथ दिव्यांगजन के लिए अनुकूल व्यवस्था, बेहतर सीट और बर्थ डिजाइन, मोबाइल चार्जिंग की सुविधा, उन्नत शौचालय, बेहतर रोशनी और मजबूत कोच संरचना इन्हें विशेष बनाती हैं। सुरक्षा के लिहाज से भी आधुनिक हैं।
इनमें सीसीटीवी निगरानी, इमरजेंसी टाक बैक प्रणाली, आग से सुरक्षा की उन्नत व्यवस्था और पूरी तरह बंद गैंगवे जैसी सुविधाएं दी गई हैं। दोनों ओर इंजन वाली पुश-पुल तकनीक के कारण यात्रा अधिक सुगम, तेज और झटकों से मुक्त होगी, जिससे यात्रियों को अधिक आराम मिलेगा। उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के संदर्भ में इनका महत्व और बढ़ जाता है।
यूपी-एमपी से मुंबई की सीधी कनेक्टिविटी
बनारस-पुणे ट्रेन से वाराणसी, प्रयागराज और झांसी जैसे धार्मिक और शैक्षणिक केंद्र सीधे जुड़ जाएंगे। इससे छात्रों, नौकरीपेशा युवाओं और व्यापारियों को लाभ मिलेगा। साथ ही बनारसी सिल्क एवं बुंदेलखंड क्षेत्र के उत्पादों को नए बाजार भी मिलेंगे। मध्य प्रदेश के लिए भी यह कनेक्टिविटी आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण साबित होगी।
भोपाल, इटारसी और नर्मदापुरम जैसे शहर इस रूट से सीधे जुड़ेंगे, जो कृषि एवं उद्योग के बड़े केंद्र हैं। इससे किसानों और व्यापारियों को महाराष्ट्र के बाजारों तक सस्ती और तेज पहुंच मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि की संभावना है।
अयोध्या से मुंबई जाना आसान
दूसरी ट्रेन अयोध्या से मुंबई जाएगी। यह धार्मिक नगरी अयोध्या को सीधे मुंबई से जोड़ेगी। यह सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सतना और जबलपुर जैसे शहरों को जोड़ते हुए लाखों प्रवासी मजदूरों के लिए जीवनरेखा साबित होगी।
उन्हें बार-बार ट्रेन बदलने या महंगे साधनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। जाहिर है, अमृत भारत ट्रेनें परिवहन सुविधा के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का भी माध्यम बन रही हैं। सस्ती, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के जरिए तीन राज्यों के यात्री देश के बड़े आर्थिक केंद्रों से जुड़ेंगे, जिससे विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
