विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रधानमंत्री मोदी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, खरगे और सोनिया ने भी किया नमन

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:36 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी सहित अन्य नेताओं ने भी उन्हें नमन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने पंडित नेहरू की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी ने पंडित नेहरू की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी ने नेहरू की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

  2. खरगे, सोनिया गांधी ने शांतिवन जाकर पुष्पांजलि अर्पित की।

  3. जयराम रमेश ने नेहरू डिजिटल आर्काइव का जिक्र किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर नेहरू को उनकी जयंती पर नमन किया।

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शांतिवन पहुंचकर भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नेहरू को भारत का अनमोल रत्न बताते हुए कहा कि उनका आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का सपना आज भी देश को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि नेहरू के विचारों के अनुरूप भारत का निर्माण करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने नेहरू को दूरदर्शी नेता, क्रांतिकारी और राष्ट्र निर्माता बताया।

गौरतलब है कि जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में हुआ था। उनका निधन 27 मई 1964 को नई दिल्ली में हुआ। उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

नेहरू की विरासत का ‘कवच’ बनेगा डिजिटल आर्काइव : जयराम

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शनिवार को कहा कि नेहरू की छवि धूमिल करने की कोशिशें जारी रहेंगी, लेकिन उनका डिजिटल आर्काइव उनकी विरासत की रक्षा करने वाला ‘कवच’ साबित होगा। नेहरू की जयंती पर रमेश ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू डिजिटल आर्काइव ने अपना एक वर्ष पूरा कर लिया है।

उन्होंने बताया कि आर्काइव में नेहरू के चयनित कार्यों के 100 खंड, करीब 77 हजार पृष्ठ, 34 हजार से अधिक दस्तावेज और 3 हजार तस्वीरें उपलब्ध हैं।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।