विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, जापान से फिलीपींस तक नेताओं ने भेजे बधाई संदेश

By Jaiprakash RanjanEdited By: Garima Singh
Published: Wed, 07 Oct 2026 06:56 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे किए, जिस पर जापान, फिलीपींस, नाइजीरिया सहित कई देशों के नेताओं ने बधाई संदेश भेजे।

प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे किए

प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे किए

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को कई देशों के नेताओं ने बधाई संदेश भेजे। 7 अक्टूबर 2001 को मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

तीन कार्यकाल राज्य में रहने के बाद वे 2014 से वह भारत के प्रधानमंत्री हैं। जापान, फिलीपींस, नाइजीरिया, बेल्जियम, भूटान और डोमिनिका समेत कई देशों ने इस अवसर पर शुभकामनाएं भेजी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे किए

जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने एक्स पर लिखा कि मोदी के मुख्यमंत्री पद के 25 वर्ष पूरे होने पर वे हार्दिक बधाई देती हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने वर्षों से भारतीय समाज और राष्ट्र के विकास के लिए खुद को समर्पित किया है और 2001 से सरकार प्रमुख के रूप में उत्कृष्ट राजनीतिक नेतृत्व दिखाया है।

ताकाइची ने भारत के विकास को गति देने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने जुलाई की भारत यात्रा में मिले आतिथ्य का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों ने जापान-भारत विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाने पर बात की।

अगले वर्ष दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने वाले हैं और इस अवसर पर वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति व स्थिरता के लिए मोदी के साथ साझेदारी और मजबूत करना चाहती हैं।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यूंग ने भेजा बढाई संदेश 

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यूंग ने अपने संदेश में लिखा है कि, आज से 25 वर्ष पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद से आपने भारत के लोगों के बेहतर जीवन के निर्माण के लिए स्वयं को समर्पित किया है। आपकी इस अटूट समर्पण के प्रति मैं अपना गहरा सम्मान व्यक्त करता हूँ और इस महत्वपूर्ण अवसर पर आपको हार्दिक बधाई देता हूं।

आपके नेतृत्व में, भारत ने विनिर्माण क्षेत्र के विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार के माध्यम से लगातार प्रगति की है तथा विभिन्न चुनौतियों के बीच भी अपनी दृढ़ता का प्रदर्शन किया है। ये उपलब्धियां भारतीय जनता के लिए गर्व का विषय हैं और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका के विस्तार के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करती हैं।

फिलीपींस के राष्ट्रपति बोंगबोंग मार्कोस ने कहा कि गुजरात से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने तक मोदी की यात्रा सुशासन, नवाचार, तकनीक, आधारभूत ढांचे और विकास पर जोर से चिह्नित रही है।

इससे भारत के रूपांतरण और वैश्विक भूमिका को बल मिला है। उन्होंने कहा कि भारत-फिलीपींस संबंध निरंतर मजबूत हो रहे हैं और वे नवंबर में मनीला में आसियान-भारत तथा पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के लिए मोदी का स्वागत करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

नाइजीरिया के राष्ट्रपति तिनुबू ने इसे ऐतिहासिक पड़ाव बताया

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद तिनुबू ने इसे ऐतिहासिक पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में एक चौथाई शताब्दी का अटूट नेतृत्व दुर्लभ उपलब्धि है और दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश में यह भारतीय जनता के भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने मोदी की विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्थ डी वेवर ने गुजरात से नई दिल्ली तक 25 वर्षों के निरंतर नेतृत्व पर बधाई दी और पिछले महीने की भारत यात्रा का हवाला देते हुए दोनों देशों की साझेदारी को और गहरा करने की बात कही।

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने मोदी के नेतृत्व में ज्ञान, साहस और संवेदना की चर्चा की तथा “बी4बी” (भारत फॉर भूटान, भूटान फॉर भारत) ढाँचे और विकसित भारत के विजन का उल्लेख किया। डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट ने मोदी को प्रिय मित्र बताते हुए डोमिनिका को दी गई मित्रता और उदारता के लिए आभार जताया।

यह भी पढ़ें- 'We Will Do It', पीएम मोदी के सेवा भाव के 25 साल पूरे, विकसित भारत के लिए दिया नया नारा; ITLA ने बनाया फ्यूचर प्लान

यह भी पढ़ें- PM नरेंद्र मोदी ने सेवा के 25 साल पूरे होने पर विकसित भारत का संकल्प दोहराया, दिया 'वी विल डू इट' का नारा