पीएम मोदी बर्थडे: देश भर में आज से स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू, युवाओं को जोड़ने पर होगा फोकस
केंद्र सरकार ने 17 सितंबर से 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान का नया चरण शुरू किया है, जिसमें प्रधानमंत्री के जन्मदिन ...और पढ़ें

PM के जन्मदिन से 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान का नया चरण शुरू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 17 सितंबर से स्वच्छता ही सेवा अभियान के एक नए चरण की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले इस अभियान में देश के प्रत्येक शहरों, वार्डों व गांवों में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
वहीं इस बार अभियान के फोकस में युवाओं को भी रखा गया है, जिनके लिए शैक्षणिक संस्थानों में स्वच्छ पाठशाला का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान सभी प्रमुख स्थानों व सार्वजनिक स्थलों को साफ करने, सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा शिविर, जनभागीदारी से स्वच्छता व स्वच्छता से ही समृद्धि की थीम पर फोकस रहेगा। यह अभियान 2017 से हर साल 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलता है।
17 सितंबर से 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान का नया चरण शुरू
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के दौरान 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर देश के सभी पर्यटन, धार्मिक स्थलों आदि को लेकर सफाई अभियान चलाया जाएगा।
वहीं एक अक्टूबर को एक दिन-एक घंटे व एक साथ ही देश भर में स्वच्छता को लेकर अभियान चलेगा। जिसमें सभी मिलकर किसी सार्वजनिक स्थल की सफाई करेंगे।
वहीं दो अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस मनाया जाएगा, इसमें गांव सभाओं व शहरी क्षेत्रों में विशेष बैठक होगी। साथ ही एक पेड़ मां के नाम के पौध रोपण भी होगा।
स्वच्छता सेवा अभियान का होगा आकलन, जारी किया पोर्टल
स्वच्छता सेवा अभियान के दौरान किस क्षेत्र में कितनी सफाई हुई और इससे कितना कचरा जुटाया गया, इसको लेकर भी अब आकलन होगा। केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने बताया इसे लेकर पोर्टल शुरू किया है। इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को खुद ही स्वच्छता को लेकर उठाए गए कदमों को ब्यौरा अपलोड़ करना होगा।
इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल आदि का भी ब्यौरा इसके जरिए मुहैया कराया जाएगा। केंद्रीय मंत्री पाटिल ने इस दौरान सूरत और नवसारी में सफाई कर्मियों की बेहतरी से लिए उठाए गए कदमों को बाकी राज्यों को भी अपनाने की सलाह दी।
