लाल किला से पीएम मोदी ने पाकिस्तान अौर चीन पर भी साधा निशाना
भारत इसे करने में सक्षम है, देश के खिलाफ कुछ भी होने के हौसले परस्त करने में हम सक्षम हैं।
नई दिल्ली(जेएनएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए मंगलवार को पाकिस्तान अौर चीन को भी बड़ा संदेश दे दिया।पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सेनाएं समेत सभी सुरक्षा एजेंसियों ने हर मौके पर अपना कर्तब दिखाया है। बलिदान करने में ये कभी पीछे नहीं रहे हैं। आतंकवाद हो या घुसपैठ हो हर जगह उन्होंने अपना काम किया। जब सर्जिकल स्ट्राइक हुई तब दुनिया ने हमारी ताकत को पहचाना है।
इसके साथ ही पीएम ने कहा कि आतंरिक सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, समंदर हो या सीमा हो, साइबर हो या स्पेस हो हमें हर प्रकार की सुरक्षा करनी है। भारत इसे करने में सक्षम है, देश के खिलाफ कुछ भी होने के हौसले परस्त करने में हम सक्षम हैं।
यह भी पढ़ेंःPM मोदी ने जनता के सामने पेश किया नोटबंदी, काला धन, बेनामी संपत्ति का डेटा
गौरतलब है कि डोकलाम विवाद पर जारी गतिरोध के बीच भारत अब चीन से दो-दो हाथ करने को तैयार है। पहले विवाद को सुलझाने के लिए कुटनीतिक कोशिश की गई। फिर सेना के स्तर पर भी चीन को भरोसे में लेकर विवाद खत्म करने की पहल की गई लेकिन ड्रैगन अपनी नापाक रूख से पीछे नहीं हट रहा है। विवाद सुलझाने की लगातार कोशिशों के बाद अब भारत ने भी चीन को सबक सिखाने की तैयारी शुरू कर दी है।
चीन के इस अड़ियल रूख के बाद भारत ने भी जोर देकर साफ कहा है कि जब तक चीन सड़क निर्माण के औजार नहीं हटाता, तब तक सेना के वापस हटने का सवाल नहीं उठता। बता दें कि 8 अगस्त को भी दोनों देशों के बीच ब्रिगेड कमांडर स्तर की बातचीत हुई थी लेकिन इस बातचीत में भी कोई फैसला नहीं लिया जा सका।
चीन के इस रूख को देखते हुए माना जा रहा है कि इस विवाद का इतनी आसानी से समाधान नहीं निकलेगा। लिहाजा भारत ने भी अपनी कमर कस ली है। विवाद को देखते हुए भारत ने सिक्किम और अरुणाचल से लगी चीन सीमा पर सैनिकों की तैनाती बढ़ा दी है।