विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CMRL रिश्वत मामले में घिरे पिनाराई विजयन, बेटी वीणा के साथ FIR के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील

Published: Mon, 12 Oct 2026 08:14 PM (IST)

सीएमआरएल रिश्वत मामले में पिनाराई विजयन और उनकी बेटी वीणा टी ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर के एकल पीठ के ...और पढ़ें

FIR दर्ज करने के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंचे विजयन। (पीटीआई)

FIR दर्ज करने के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंचे विजयन। (पीटीआई)

HighLights

  1. विजयन और बेटी वीणा ने एफआईआर के खिलाफ अपील की।

  2. ईडी रिपोर्ट के आधार पर फर्जी भुगतान, हवाला आरोप।

  3. माकपा ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध, मैच-फिक्सिंग बताया।

डिजिटल डेस्क, कोच्चि। केरलम विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन और उनकी बेटी वीणा टी ने कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले में उनके खिलाफ FIR दर्ज करने के एकल पीठ के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर की है।

उनका तर्क है कि नौ अक्टूबर का यह आदेश उनका पक्ष सुने बिना जारी किया गया था। यह मामला ईडी की रिपोर्ट के आधार पर सामने आया है।

दूसरी ओर, विजयन और उनके परिवार के खिलाफ विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट-1 ने दो FIR दर्ज कर ली हैं। ईडी का आरोप है कि सीएमआरएल ने आईटी कंसल्टेंसी सेवाओं के नाम पर वीणा की बंद हो चुकी कंपनी 'एक्सलाजिक साल्यूशंस' को 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया था।

इसके अलावा, विदेशी खातों में हवाला के जरिये पैसे ट्रांसफर करने के आरोप भी शामिल हैं, जिसमें विजयन के दामाद पी.ए. मोहम्मद रियास का नाम भी सामने आया है।

इस पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। माकपा नेता एम.बी. राजेश ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध और 'मैच-फिक्सिंग' करार दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी और विपक्ष का गठजोड़ कानून का दुरुपयोग कर रहा है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए अब कानूनी और राजनीतिक लड़ाई दोनों मोर्चों पर सरगर्मी बढ़ गई है, और हाई कोर्ट में इस पर आगे की सुनवाई होनी है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)