विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत: एक सेल्फी से बनेगा लाइफ सर्टिफिकेट, यहां जानें पूरा नियम

By Shubham KumarEdited By: Shubham Kumar
Published: Sun, 22 Nov 2026 03:57 PM (IST)Updated: Sun, 22 Nov 2026 03:58 PM (IST)

देश के करोड़ों पेंशनभोगियों के लिए अब जीवन प्रमाण पत्र बनवाना बेहद आसान हो गया है। वे अपने स्मार्टफोन से आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए घर बैठे एक सेल्फी से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं।

पेंशनभोगियों को बड़ी राहत (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

पेंशनभोगियों को बड़ी राहत (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. स्मार्टफोन से आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन द्वारा जीवन प्रमाण पत्र।

  2. बीमार, बुजुर्ग, दिव्यांग पेंशनर्स के लिए यह बड़ी राहत।

  3. 'जीवन प्रमाण' और 'आधार फेस आरडी' ऐप का उपयोग करें।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के करोड़ों पेंशनभोगियों को अपनी पेंशन जारी रखने के लिए हर साल यह साबित करना होता है कि वे जीवित हैं। गौर करने वाली बात यह है कि पहले इसके लिए बुजुर्गों को बैंक या पेंशन ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब यह काम घर बैठे आपके स्मार्टफोन के कैमरे से महज एक सेल्फी के जरिए हो सकता है।

इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि सरकार की 'जीवन प्रमाण' व्यवस्था के तहत आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरे की पहचान) से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) बनाना अब बेहद आसान हो गया है। खास तौर पर बीमार, ज्यादा बुजुर्ग और दिव्यांग पेंशनर्स के लिए यह एक बड़ी राहत के तौर पर है।

पहले समझिए सरकार का लक्ष्य

देखिए इस योजयना के तहत केंद्र सरकार 1 से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले अपने पांचवें राष्ट्रव्यापी अभियान के जरिए 2.30 करोड़ डिजिटल सर्टिफिकेट बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जिसमें से 1.50 करोड़ फेस ऑथेंटिकेशन से बनने हैं।

ऐसे में अब सवाल है कि आखिर सेल्फी से लाइफ सर्टिफिकेट कैसे बनता है? इसमें किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है? आइए जानते हैं।

कैसे काम करता है सेल्फी वाला लाइफ सर्टिफिकेट?

बता दें कि यह सामान्य सेल्फी खींचकर अपलोड करने जैसा नहीं है, बल्कि यह आधार के डेटाबेस से आपकी पहचान की पुष्टि करता है। बुजुर्गों में अक्सर उम्र के साथ उंगलियों के निशान यानी फिंगरप्रिंट घिस जाते हैं, जिससे बायोमेट्रिक में दिक्कत आती है। फेस ऑथेंटिकेशन इसी समस्या को दूर करता है।

इसके लिए क्या करना होगा?

दो एप डाउनलोड करें- अपने स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से Jeevan Pramaan और UIDAI का AadhaarFaceRD एप डाउनलोड करें। इसके लिए किसी अलग फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैनर मशीन की जरूरत नहीं होती।

जानकारी भरें- एप में अपना आधार नंबर, नाम, मोबाइल नंबर, पीपीओ (PPO) नंबर, बैंक खाता और पेंशन जारी करने वाली संस्था (PDA) की जानकारी दर्ज करें।

लाइव फोटो लें- सहमति देने के बाद फोन के फ्रंट कैमरे से अपनी लाइव फोटो लें। UIDAI इस फोटो का मिलान आपके आधार कार्ड में लगी फोटो से (1:1 मैचिंग) करता है।

प्रमाण आईडी पाएं- पहचान सफल होते ही आपका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट हो जाएगा और मोबाइल पर एक यूनिक 'प्रमाण आईडी' का मैसेज आएगा। सर्टिफिकेट सीधे आपकी पेंशन संस्था तक पहुंच जाता है।

कौन और कब जमा कर सकता है?

पात्रता- केंद्र सरकार, राज्य सरकार और अन्य सरकारी संस्थाओं के पेंशनर्स के अलावा कर्मचारी पेंशन योजना (EPS-95) के पेंशनर्स भी इसका लाभ उठा सकते हैं, बशर्ते उनकी संस्था इस प्लेटफॉर्म से जुड़ी हो।

समयसीमा- केंद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए हर साल नवंबर में सर्टिफिकेट जमा करना जरूरी है। हालांकि, 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्ग 1 अक्टूबर से ही इसे जमा कर सकते हैं। वहीं, EPS-95 पेंशनर्स साल में कभी भी इसे जमा कर सकते हैं, जो अगले एक साल तक वैध रहता है।

अपवाद- जिन पेंशनर्स ने दोबारा नौकरी कर ली है या दूसरी शादी की है, वे डिजिटल सर्टिफिकेट के पात्र नहीं हैं। उन्हें पुराने तरीके से ही सर्टिफिकेट जमा करना होगा।

सावधान- ये गलतियां कीं तो सर्टिफिकेट हो सकता है रिजेक्ट

अच्छा, गौर करने वाली और बड़ी बात यह है कि सिर्फ चेहरा स्कैन हो जाना और मैसेज आ जाना ही काफी नहीं है। मार्च 2026 में हुई एक समीक्षा बैठक में सामने आया कि गलत जानकारी भरने की वजह से बड़ी संख्या में सर्टिफिकेट बैंकों के रिकॉर्ड में अपडेट नहीं हो पाते।

सही संस्था चुनें- कई रक्षा और टेलीकॉम पेंशनर्स अब SPARSH या SAMPANN पोर्टल पर शिफ्ट हो चुके हैं, लेकिन सर्टिफिकेट बनाते समय वे पुरानी बैंक का नाम चुन लेते हैं। इससे सर्टिफिकेट रिजेक्ट हो जाता है।

डिटेल्स दोबारा जांचें- गलत पीपीओ नंबर या गलत बैंक अकाउंट नंबर डालने से भी प्रक्रिया अटक जाती है। साथ ही, एक साथ फिजिकल और डिजिटल दोनों सर्टिफिकेट जमा करने से बचें।

स्टेटस जरूर चेक करें- सर्टिफिकेट बनने के बाद अपनी 'प्रमाण आईडी' संभाल कर रखें और पोर्टल पर जाकर यह जरूर चेक करें कि आपका सर्टिफिकेट बैंक या विभाग ने स्वीकार कर लिया है या नहीं।

अगर फेस स्कैन फेल हो जाए या स्मार्टफोन न हो तो क्या करें?

गौरतलब है कि कम रोशनी, खराब इंटरनेट, चेहरा सही से कैमरे के सामने न रखने या आधार बायोमेट्रिक लॉक होने पर फेस ऑथेंटिकेशन फेल हो सकता है। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है, आपके पास कई सारे विकल्प मौजूद हैं।

बैंक या सीएससी सेंटर- आप नजदीकी बैंक शाखा, डाकघर या जनसेवा केंद्र (CSC) जाकर बायोमेट्रिक के जरिए सर्टिफिकेट बनवा सकते हैं।

घर बैठे डाकिया सेवा (IPPB)- इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के जरिए डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक आपके घर आकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बना सकते हैं। इसके लिए मात्र 70 रुपये शुल्क लगता है (EPS-95 पेंशनर्स के लिए यह सेवा मुफ्त है)।

पुराना तरीका भी चालू है- डिजिटल सर्टिफिकेट एक अतिरिक्त सुविधा है, अनिवार्यता नहीं। जो पेंशनर्स पहले की तरह कागज पर साइन करके बैंक में जमा करना चाहते हैं, वे अब भी ऐसा कर सकते हैं।

कितना सुरक्षित है यह सिस्टम?

सरकार के मुताबिक, यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है और बिना आपकी सहमति के आगे नहीं बढ़ती। एप की घोषणा के अनुसार, आपका बायोमेट्रिक डेटा कहीं भी स्टोर या शेयर नहीं किया जाता। सुरक्षा के लिए हमेशा आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें और किसी भी अनजान कॉलर या एजेंट को अपना आधार नंबर या ओटीपी (OTP) न बताएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।