विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'न्यूट्रिशन लेबलिंग नियमों को तय समय में लागू करे', पैक्ड फूड पर संसदीय समिति का FSSAI को निर्देश

Published: Thu, 23 Jul 2026 07:49 PM (IST)Updated: Thu, 23 Jul 2026 08:02 PM (IST)

संसद की एक स्थायी समिति ने FSSAI को पैक्ड फूड पर 'फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग' नियमों को निश्चित समयसीमा में लागू करने का निर्देश दिया है।

(यह इमेज AI द्वारा बनाई गई है)

(यह इमेज AI द्वारा बनाई गई है)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में पैक्ड फूड के बढ़ते उपयोग के बीच संसद की एक स्थायी समिति ने खाद्य नियामक एफएसएसएआई (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) को 'फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग' (एफओपीएनएल) नियमों को निश्चित समयसीमा में अधिसूचित करने का गुरुवार को निर्देश दिया।

इससे उपभोक्ताओं को पैकेटबंद खाद्य उत्पादों में पोषण संबंधी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। समिति ने उपभोक्ताओं को आसानी से समझ में आने वाली पोषण संबंधी जानकारी की समय पर उपलब्धता पर जोर दिया ताकि उपभोक्ता सोच-समझकर आहार संबंधी विकल्प चुन सकें।

पैक्ड सामानों के नियमन' पर रिपोर्ट पेश 

उपभोक्ता मामलों, खाद्य और सार्वजनिक वितरण संबंधी स्थायी समिति ने संसद में 'बच्चों के उत्पाद और अन्य खाद्य उत्पादों में चीनी की मात्रा के विशेष संदर्भ में पैक्ड सामानों के नियमन' पर रिपोर्ट पेश की है।

समिति ने निराशा जताई कि मसौदा नियम जारी होने के दो साल से अधिक समय बाद भी इसे अब तक लागू नहीं किया जा सका है। समिति का मानना है कि देरी के कारण उपभोक्ताओं को पैकेज्ड फूड, विशेषकर बच्चों के खाद्य पदार्थों में मौजूद चीनी की मात्रा की सरल और स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।

कलर-कोडेड लेबलिंग की सिफारिश की

समिति ने सलाह दी कि नियमों में लेबलिंग के आसान, साफ दिखने वाले और आसानी से समझ में आने वाले तरीके शामिल हों।

इनमें सभी प्रोडक्ट्स में चीनी की मात्रा के लिए कलर-कोडेड संकेतक होने चाहिए, जो तीन रंगों (लाल, पीला और हरा) के फार्मैट का इस्तेमाल करके अधिक, मध्यम और कम शुगर लेवल को दिखाएं। अधिक चीनी वाले उत्पादों की लेबलिंग में उचित चेतावनी वाले लेबल शामिल होने चाहिए।

संसदीय समिति ने गौर किया कि पैक्ड फूड पर दी जाने वाली जानकारी मुख्य रूप से गणितीय आंकड़ों जैसे ग्राम और 'रिकमेंडेड डाइटरी अलाउंस' (आरडीए) के प्रतिशत पर आधारित है।

हो सकता है कि सभी ग्राहक ऐसे लेबल को आसानी से न समझ पाएं। संसदीय समिति ने कहा है कि न्यूट्रिशन लेबलिंग ऐसी हो, जिसे उपभोक्ता पैकेट को देखते ही एक नजर में ही समझ सकें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।