विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'LPG की सप्लाई चिंता का विषय...', सरकार ने किया स्वीकार; लेकिन किल्लत के दावों से इनकार

Published: Sat, 14 Mar 2026 04:54 PM (IST)

पश्चिम एशिया में तनाव और हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से भारत में एलपीजी आपूर्ति को लेकर ...और पढ़ें

HighLights

  1. केंद्र सरकार ने एलपीजी की कमी से इनकार किया।

  2. पश्चिम एशिया तनाव से बढ़ी चिंताएं, आपूर्ति सामान्य।

  3. घबराहट में बुकिंग से मांग में अचानक वृद्धि।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने के बीच भारत में एलपीजी सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि केंद्र सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल देश में कहीं भी एलपीजी की कमी नहीं हुई है और वितरण केंद्रों पर गैस खत्म होने की कोई सूचना नहीं है।

केंद्र ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में लोगों द्वारा घबराहट में ज्यादा बुकिंग करने के कारण एलपीजी की मांग अचानक बढ़ गई है। इसके बावजूद सरकार ने भरोसा दिलाया है कि आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है।

पैनिक बुकिंग से बढ़ी मांग

केंद्र सरकार के अनुसार मौजूदा समय में एलपीजी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण आपूर्ति को लेकर चिंता जरूर है, लेकिन अभी तक किसी भी वितरण केंद्र से गैस खत्म होने की सूचना नहीं मिली है।

भारत दुनिया में एलपीजी का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। देश में इस्तेमाल होने वाली करीब 90 प्रतिशत एलपीजी आपूर्ति स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के रास्ते आती है, जो ईरान और ओमान के बीच स्थित एक अहम समुद्री मार्ग है। इस मार्ग पर मौजूदा समय में जहाजों की आवाजाही लगभग ठप होने से वैश्विक आपूर्ति शृंखला पर असर पड़ा है।

घरेलू उपभोक्ताओं को मिलती रहेगी गैस

इस बीच मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस ने शुक्रवार को कहा कि देशभर में घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की सप्लाई लगातार जारी है। मंत्रालय के अनुसार अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को भी नियमित रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है ताकि जरूरी सेवाओं पर कोई असर न पड़े।

सरकार का कहना है कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए सप्लाई और वितरण प्रणाली को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षित- हरदीप सिंह पुरी

इससे पहले गुरुवार को संसद में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि वैश्विक स्तर पर पैदा हुई चुनौतियों के बावजूद भारत की ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि ईरान से जुड़े संघर्ष और हॉर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने जैसी परिस्थितियों के बावजूद सरकार स्थिति को संभालने के लिए जरूरी कदम उठा रही है। सरकार के अनुसार फिलहाल देश में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

IIT बॉम्बे से SpaceX तक का सफर: कौन हैं देवेंद्र चपलोट? जिसे एलन मस्क ने अपनी टीम में किया शामिल