जानें- ट्विटर पर लोकप्रियता के मामले में पीएम मोदी के सामने कहां टिकते हैं इमरान खान
वैश्विक लोकप्रियता की सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले स्थान पर हैं। उन्हें 6.53 करोड़ लोग फॉलो करते हैं। दूसरे स्थान पर पीएम मोदी व तीसरे स्थान पर पोप फ्रांसिस हैं।
इस्लामाबाद, आइएएनएस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्विटर पर भी इतने लोकप्रिय हैं कि पड़ोसी पाकिस्तान के पीएम इमरान खान उनसे पांच गुना पीछे रह गए हैं। पीएम मोदी को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट पर 5.06 करोड़ लोग फॉलो करते हैं, जबकि इमरान को महज 1.05 करोड़ लोग।
वैश्विक लोकप्रियता की सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले स्थान पर हैं। उन्हें 6.53 करोड़ लोग फॉलो करते हैं। दूसरे स्थान पर पीएम मोदी व तीसरे स्थान पर पोप फ्रांसिस हैं, जिन्हें 1.81 करोड़ लोग फॉलो करते हैं। चौथे स्थान पर तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तायीप एर्दोगन हैं, जिन्हें 1.41 करोड़ लोग फॉलो करते हैं। 1.22 करोड़ फॉलोअर के साथ पांचवें स्थान पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो हैं। पाकिस्तानी राष्ट्रपति इमरान खान छठे स्थान पर हैं। उन्हें यह स्थान 27 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण के बाद हासिल हुआ। इससे पहले उनके फॉलोअरों की संख्या महज 94 लाख थी।
गौरतलब है कि पीएम ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले भारतीय बन गए हैं। इस रेस में उन्होंने अमिताभ बच्चन को पीछे छोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के 2.21 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं, जबकि बिग बी के फॉलोअर्स की संख्या दो करोड़ है।
इससे पहले पीएम मोदी ने ट्विटर पर फॉलोअर्स की संख्या में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को पीछे छोड़ दिया था। शाहरुख फिलहाल ट्विटर पर तीसरे सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले भारतीय हैं। आपको बता दें कि पीएम मोदी वर्ष 2009 से ही ट्विटर पर सक्रिय हैं और वेबसाइट के अनुसार, दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता हैं। इस रेस में उनसे आगे अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं।
पीएम मोदी ने ट्विटर का प्रयोग मेक इन इंडिया, स्वच्छ भारत, मन की बात और सेल्फी विद डॉटर जैसे अभियानों को लोकप्रिय बनाने और नागरिकों से जुडऩे के लिए किया है। मोदी के ट्वीट पर औसतन हर महीने 1.7 करोड़ इंप्रेशन आते हैं।