हाथ काटने वाले धमकी के सवाल से पाकिस्तानी मंत्री ने काटी कन्नी, बोले- हमें सिंधु पर चर्चा के लिए नहीं बुलाया
भारत दौरे पर आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक सिंधु जल संधि पर अपने पुराने 'हाथ काटने' वाले बयान से मुकरते दिखे। उन्होंने कहा कि भारत ने उन्हें इस मुद्दे पर चर्चा के लिए आमंत्रित नहीं किया।

पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक (तस्वीर-सोशल मीडिया)
डिजटल डेस्क, नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद जब भारत सरकार ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था। तब पाकिस्तान की एक गीदड़भभकी सामने आई थी। आतंकवाद का पनाहगाह पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा था कि जो इस संधि के स्थगित किए जाने पर पहले हाथ काट लेंगे।
हालांकि पाकिस्तान की तरफ से गीदड़भभकी कोई नई बात नहीं है। ऐसे में जब भारत दौरे पर आए पाकिस्तानी के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद से इस विषय में सवाल किया गया, तो वे इस सवाल पर कन्नी काटते नजर आए।
बैकफुट पर नजर आए पाकिस्तानी मंत्री
पूरे मामले को ऐसे समझिए कि सिंधु जल संधि को स्थगित किए जाने पर पहले हाथ काट लेने जैसी बड़ी-बड़ी बातें करने वाले पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक रविवार को दिल्ली में तीखे सवालों के सामने बैकफुट पर नजर आए।
शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 'सभ्यतागत संवाद मंच' में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचे मलिक जब अपने पुराने बयान और सिंधु जल संधि को लेकर घिरे, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि भारत ने उनसे इस मुद्दे पर बात करने के लिए न्योता ही नहीं दिया है।
सवालों से भागते नजर आए पाकिस्तानी मंत्री
जब पत्रकारों ने मलिक से सिंधु जल संधि पर उनकी पिछली धमकियों को लेकर सवाल दागा, तो उनके सुर बदले हुए थे। उन्होंने कहा कि जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, तो हम जरूर बात करेंगे। अभी आपने मुझे इस मुद्दे पर चर्चा के लिए न्योता नहीं दिया है।
आतंकवाद पर दी सबूत की दलील
इसके अलावा आतंकवाद से जुड़े सवालों पर भी मलिक ने बचाव की मुद्रा अपनाया। पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान बातचीत और सबूत पेश करने के लिए तैयार है। मलिक ने दावा किया कि यदि स्थायी समाधान खोजा जाना है, तो चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। मलिक ने कहा कि यह मसला द्विपक्षीय या बहुपक्षीय स्तर पर उठाया जा सकता है, जहां दोनों पक्ष अपने-अपने सबूत रख सकें।
क्या था हाथ काटने वाला बयान?
गौरतलब है कि इसी साल अक्टूबर में मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने के भारत के फैसले पर भड़काऊ बयान देते हुए कहा था कि जो भी हमारे पानी को छुएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे।
भारत ने यह कड़ा कदम 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद उठाया था। नई दिल्ली ने साफ रुख अपनाया है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक यह संधि स्थगित रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहले ही दो टूक कह चुके हैं कि आतंक और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते; खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।