यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारत-पाकिस्तान के बीच हो रही जमकर गोलीबारी, सेना दे रही मुंहतोड़ जवाब
जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर गोलीबारी जारी है। हर बार की तरह भारतीय सेना मुंहतोड जवाब दे रही है। अब तक किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है।

श्रीनगर, एएनआइ। पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के भारतीय क्षेत्र से लगते एलओसी पर मुजफ्फराबाद के दौरे के बाद रविवार को दूसरे दिन भी पाक सेना ने लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) पर गोलाबारी की।
पाक रेंजरों ने एलओसी पर पुंछ के कृष्णा घाटी, बलनोई, मनकोट व राजौरी के नौशहरा सेक्टर में रिहायसी क्षेत्रों को निशाना बनाया जबकि जम्मू के रामगढ़ में आइबी पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के छह पोस्टों पर गोलाबारी की। भारतीय सेना ने भी पाक सेना की कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन सीमा पर बसे लोगों में दहशत व्याप्त है।
पाक सेना आतंकवादियों के दल को भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कराने के मकसद से शनिवार रात साढ़े आठ बजे से ही पुंछ के कृष्णा घाटी, बलनोई व मनकोट सेक्टर में गोलाबारी कर रही है। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद रविवार सुबह पांच बजे पाक सेना ने गोलाबारी बंद तो की, लेकिन दस बजे फिर से उक्त सेक्टरों के साथ-साथ राजौरी के नौशहरा सेक्टर में भी गोलाबारी शुरू कर दी, जो दोपहर तक जारी रही। पाक सेना अब भी इन क्षेत्रों में रुक-रुक कर गोलाबारी कर रही है, जिसका भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। गोलाबारी में किसी भी प्रकार का कोई नुकसान तो नहीं हुआ है, लेकिन पाक सेना के रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाकर 120 एमएम मोर्टार दागने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोग भयभीत हैं।
उधर, जम्मू के रामगढ़ स्थित आइबी पर भी सुबह दस बजे जब बीएसएफ की 176 बटालियन के जवानों ने अपने क्षेत्राधिकार वाले अग्रिम कंदराल माजरा इलाके में सरकंडों की सफाई का काम शुरू किया, तो पहले से घात लगाकर बैठे पाक रेंजरों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस दौरान पाक सेना ने बीएसएफ की पोस्टों रंगूर, नंगा, जगतपुर, नथवाल, कंदराल को भी निशाना बनाकर छोटे हथियारों सहित 52 एमएम मोर्टार के गोले दागे। बीएसएफ जवानों ने भी मोर्चा संभाल कर पाक रेंजर्स की कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया। पाक गोलाबारी का सिलसिला करीब साढ़े तीन घंटे तक रुक-रुक कर जारी रहा। भारतीय सीमा पोस्टों पर हाई अलर्ट जारी किया गया है, बीएसएफ अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।