डीजी स्तरीय वार्ता के बाद भी पाक की शरारतें जारी
नई दिल्ली में भले ही पाकिस्तानी रेंजर्स के अधिकारी भारत के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों के साथ सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए सहमति जता चुके हों, लेकिन सीमा पार से शरारतें अब भी जारी हैं। पाकिस्तानी रेंजर्स ने अपनी आदत से बाज न आते हुए शनिवार
सांबा। नई दिल्ली में भले ही पाकिस्तानी रेंजर्स के अधिकारी भारत के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों के साथ सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए सहमति जता चुके हों, लेकिन सीमा पार से शरारतें अब भी जारी हैं। पाकिस्तानी रेंजर्स ने अपनी आदत से बाज न आते हुए शनिवार देर रात सांबा में गोलीबारी की।
पाकिस्तान ने शनिवार को पुंछ जिले के हमीरपुर सेक्टर में गोलियां बरसाई थीं। 11 दिनों में 14 बार सीमा पार से गोलीबारी होने से दहशत का माहौल है।
पाकिस्तानी रेंजर्स ने सांबा सेक्टर के रेगाल इलाके में गोलीबारी की। पाकिस्तान ने रजब अली पोस्ट से शनिवार रात करीब सवा ग्यारह बजे तीन फायर किए। इसके बाद बीएसएफ की 9वीं बटालियन के जवानों ने भी जवाब में कुछ गोलियां दागीं। उसके बाद पाक रेंजर्स ने गोलीबारी नहीं की।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने उसी इलाके में गोलियां दागीं, जहां वर्ष 2008 में घुसपैठ के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी सुरक्षा तार को काट दिया था। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की शरारतों को देखते हुए दिल्ली में सहमति होने के बाद भी सीमा प्रहरी कड़ी चौकसी बरत रहे हैं।