विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Pahalgam Terror Attack: 'नापाक मंसूबे नहीं होंगे कामयाब...', आतंकी हमले के बाद एक्शन में पीएम मोदी; जानें क्या-क्या कहा?

Published: Tue, 22 Apr 2025 05:30 PM (IST)Updated: Tue, 22 Apr 2025 07:23 PM (IST)

Pahalgam Terror Attack जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आज आतंकी हमले को अंजाम दिया गया। इस हमले में एक पर्यटक ...और पढ़ें

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले पर गृह मंत्री अमित शाह ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग।
Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले पर गृह मंत्री अमित शाह ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Pahalgam Terror Attack। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आज आतंकी हमले को अंजाम दिया गया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इस हमले में एक पर्यटक की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं, हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में गृह सचिव और IB के अधिकारी शामिल हैं।

पीएम मोदी ने शाह से की बात 

पीएम मोदी ने अमित शाह से फोन पर बातचीत की। उन्होंने इस घटना पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं, पीएम ने अमित शाह को घटनास्थल पर जाने का आदेश भी दिया है।

घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबल पहुंच चुके हैं और पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। घायल पर्यटकों को इलाज के लिए भेजा गया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई को फोन पर एक महिला ने बताया, मेरे पति के सिर में गोली लगी है, जबकि सात अन्य भी इस हमले में घायल हुए हैं। महिला ने अपनी पहचान नहीं बताई है। लेकिन महिला ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की गुहार लगाई है।

आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा: पीएम मोदी 

पीएम मोदी ने इस आतंकी हमले पर दुख जाहिर करते हुए कहा,"मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा...उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका नापाक मंसूबा कभी कामयाब नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।

अमरनाथ यात्रा प्रभावित करना चाहते आतंकी  

बताते चलें कि 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है। ऐसे में पर्यटकों को निशाना बनाना आतंकियों की नई चाल की ओर इशारा करता है। हमले से ऐसे लग रहा है कि आतंकी अमरनाथ यात्रा को प्रभावित करना चाहते हैं।

आतंकी हमले पर सीएम अब्दुल्ला ने क्या कहा?

सीएम उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए कहा,"मैं विश्वास से परे सदमे में हूं। पर्यटकों पर यह हमला एक घृणित घटना है। इस हमले के अपराधी जानवर, अमानवीय और घृणा के पात्र हैं। निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

उन्होंने आगे कहा कि घायलों के लिए अस्पताल में व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा, "मैंने अपनी सहकर्मी सकीना इटू से बात की है और वह घायलों के लिए व्यवस्थाओं की देखरेख करने के लिए अस्पताल चली गई हैं। मैं तुरंत श्रीनगर वापस आ जाऊंगा।"

कश्मीरियों के सबसे बड़े दुश्मन हैं आतंकवादी : सज्जाद लोन

इस आतंकी हमले पर J&K पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन ने कहा, "आतंकवादियों से बड़ा कश्मीरियों का कोई दुश्मन नहीं हो सकता। उनकी जंग कश्मीरियों के आतिथ्य के खिलाफ है। वे चाहते हैं कि पर्यटक कश्मीर छोड़ दें और कश्मीरियों के पास आजीविका का कोई स्रोत न हो। वे हमारे बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के दुश्मन हैं। वे आतंकवादी हैं। निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाना सबसे बड़ा पाप है। उन्हें न तो यहां माफ किया जाएगा, न ही भगवान की नजर में।"

यह भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में एक की मौत; 12 लोग घायल