देश में अब तक 1.01 करोड़ लोगों ने कोरोना को दी शिकस्त, साढ़े छह महीने बाद सक्रिय मामले सबसे कम 2.14 लाख
देश में कोरोना से उबरने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। कोरोना के सक्रिय मामले 2.14 लाख के करीब पहुंच गए हैं जो कि कुल मामलों का 2.04 प्रतिशत है। नए मामलों से ज्यादा मरीजों के ठीक होने का सिलसिला बरकरार है।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना के सक्रिय मामले 2.14 लाख के करीब पहुंच गए हैं, जो कि कुल मामलों का 2.04 प्रतिशत है। यह संख्या पिछले 197 दिन में सबसे कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 30 जून 2020 को देश में उपचाराधीन लोगों यानी सक्रिय मामलों की संख्या 2,15,125 थी। 16 हजार से कुछ कम नए मामले मिले हैं और करीब 18 हजार और मरीज ठीक हुए हैं। इस तरह नए मामलों से ज्यादा मरीजों के ठीक होने का सिलसिला बना हुआ है। कोरोना महामारी के चलते रोज होने वाली मौतों की संख्या भी तीन सौ से नीचे बनी हुई है।
संक्रमण मुक्त लोगों में 81.83 फीसद 10 राज्यों से
मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण मुक्त हुए नए लोगों में से 81.83 प्रतिशत 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से थे। केरल में सबसे अधिक 4,270, महाराष्ट्र में 3,282 और छत्तीसगढ़ में 1,207 लोग संक्रमण मुक्त हुए। मंत्रालय ने बताया कि 74.82 प्रतिशत नए मामले सात राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से थे। केरल में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 5,507 मामले सामने आए। इसके बाद महाराष्ट्र में 2,936 नए मामले सामने आए।
अब तक 18.34 करोड़ टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में 12 जनवरी तक कुल 18.34 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें मंगलवार को जांचे गए 8.36 लाख नमूने भी शामिल हैं।
नए कोरोना स्ट्रेन से पीडि़तों की संख्या 102 हुई
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस के ब्रिटेन में पाए गए स्वरूप (स्ट्रेन) से भारत में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 102 हो गई है। ऐसे लोगों की संख्या 11 जनवरी तक 96 थी। मंत्रालय ने कहा कि संबंधित राज्य सरकारों ने इन लोगों को कोरोना केयर सेंटर में एक-एक कमरे में आइसोलेशन में रखा है। इनके संपर्क में आए लोगों को भी क्वारंटाइन किया गया है और इनके साथ यात्रा करने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा है।
24 घंटे में 15,968 नए केस
मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान कुल 15,968 नए केस मिले हैं, 17,817 मरीज ठीक हुए हैं और 202 लोगों की मौत हुई है। इस तरह देश में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित मिले लोगों की संख्या एक करोड़ चार लाख 95 हजार को पार कर गई है। इनमें से एक करोड़ एक लाख 29 हजार से अधिक मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं और 1,51,529 लोगों की जान भी जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 96.51 फीसद हो गई है, जबकि मृत्युदर 1.44 फीसद पर बनी हुई है।