89% से अधिक नगरपालिका वार्डों में हुआ डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, RTI के जरिए खुलासा
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत देश के 89 फीसद शहरी नगरपालिका वार्डों ने डोर-टू-डोर कचरा इकट्ठा किया है सरकार ने एक सूचना का अधिकार (आरटीआई) के जवाब में इसकी जानकारी दी है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत देश के 89 फीसद शहरी नगरपालिका वार्डों ने डोर-टू-डोर कचरा इकट्ठा किया है, सरकार ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) के जवाब में इसकी जानकारी दी है।
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने अपने जवाब में कहा कि 84,420 वार्डों में से 75,367 वार्डों में नगर निगम के ठोस कचरे के 100 फीसद डोर-टू-डोर कलेक्शन की सुविधा है।
मंत्रालय ने कहा कि आंध्र प्रदेश में ऐसे 3,409 वार्ड हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 10,831 वार्डों में इसकी सुविधा है, दिल्ली में 254 नगरपालिका वार्डों में यह सेवा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की और से अक्टूबर 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य शहरी भारत को खुले में शौच से मुक्त बनाना है।
मंत्रालय ने आरटीआई के जवाब में कहा, 'बिहार के 2,970 वार्डों में नगर निगम के कचरे का सौ फीसद डोर-टू-डोर कलेक्शन हुआ है, जबकि गुजरात में यह आंकड़ा 1,415 वार्ड का है।'
स्वच्छ भारत मिशन के तहत चंडीगढ़ में 26 वार्ड और छत्तीसगढ़ में 3,217 वार्डों में यह सुविधा है। आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 630 और झारखंड में 956 वार्डों में नगरपालिका के ठोस कचरे के 100 फीसद डोर-टू-डोर कलेक्शन की सुविधा है।