टीकाकरण अभियान में अब तक देश भर में दी गई कोरोना रोधी वैक्सीन की 3.64 करोड़ डोज
देश में टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी से हुई थी। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाना शुरू किया गया था। उसके बाद दो फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स और एक मार्च से 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को टीका लगाने का काम शुरू किया गया था।
नई दिल्ली, एजेंसियां। कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान में अब तक देश भर में लाभार्थियों को कुल 3.64 करोड़ खुराकें दी गई हैं। इनमें अभियान के 61वें दिन बुधवार को दी गई 14 लाख खुराकें भी शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
देश भर में अब तक दी जा चुकी है कोरोना रोधी वैक्सीन की 3.64 करोड़ डोज
मंत्रालय ने बताया कि शाम सात बजे तक मिले अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना रोधी वैक्सीन की कुल तीन करोड़ 64 लाख 67 हजार से ज्यादा खुराकें दी जा चुकी हैं। इनमें से 75,47,958 स्वास्थ्यकर्मी (पहली डोज), 46,08,397 स्वास्थ्यकर्मी (दूसरी डोज), 76,63,647 फ्रंटलाइन वर्कर्स (पहली डोज), 17,86,812 फ्रंटलाइन वर्कर्स (दूसरी डोज) शामिल हैं। इसके अलावा 60 साल से अधिक उम्र के एक करोड़ 24 लाख 74 हजार 958 और 45 साल से ज्यादा और गंभीर रोग से ग्रस्त 23,86,568 व्यक्ति भी टीका लेने वालों में शामिल हैं।
लाभार्थियों को 14,03,208 डोज दी गई
मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को लाभार्थियों को कुल 14,03,208 डोज दी गई। इनमें 12,10,498 को पहली डोज और 1,92,710 स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरी डोज दी गईं। पहली डोज लेने वालों में 60 साल से ज्यादा उम्र के 8,84,918 लोग और 45 साल से अधिक एवं गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 2,20,160 व्यक्ति शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि आंकड़ें अस्थायी हैं और देर रात तक अंतिम रिपोर्ट बनने पर इनमें बदलाव हो सकता है।
देश में टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी से हुई थी
गौरतलब है कि देश में टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी से हुई थी। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाना शुरू किया गया था। उसके बाद दो फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स और एक मार्च से 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों और 45 साल से अधिक आयु के गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को टीका लगाने का काम शुरू किया गया था।