यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 18, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Corona Vaccination Drive: राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के पास अभी मौजूद है कोरोना वैक्सीन की 17 करोड़ से अधिक डोज - केंद्र
देशभर में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान 16 जनवरी 2021 से शुरू हुई थी। देशव्यापी वैक्सीनेशन ड्राइव के तहत भारत सरकार की ...और पढ़ें

नई दिल्ली, एएनआइ। कोरोना महामारी से बचाव के लिए देश में वैक्सीनेशन अभियान जारी है। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से राज्य व केंद्रशासित प्रदेशों को वैक्सीन का स्टाक उपलब्ध कराया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को सूचित किया कि कोरोना वैक्सीन की 17 करोड़ डोज अब भी राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के पास मौजूद है जिसका उपयोग किया जा सकता है। मंत्रालय के अनुसार, भारत सरकार की ओर से अब तक राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को वैक्सीन की 193.53 करोड़ से अधिक (1,93,53,58,865) डोज उपलब्ध कराया जा चुका है। इनमें से 17 करोड़ से अधिक (17,00,16,685) डोज अब भी राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के पास शेष हैं जिसका उपयोग किया जा सकता है। बता दें कि केंद्र ने राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को मुफ्त ही यह सुविधा प्रदान की है।
देशव्यापी वैक्सीनेशन ड्राइव के तहत भारत सरकार की ओर से राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक मुफ्त में ही सहायता मुहैया कराई जा रही है। देशभर में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान 16 जनवरी 2021 से शुरू हुई थी। अधिक वैक्सीन उपलब्ध कराए जाने के बाद इस वैक्सीनेशन अभियान में और तेजी आई।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, भारत में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के लिए 4,34,962 सैंपल टेस्ट किए गए। इसके साथ ही कल तक कुल 84,49,26,602 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। भारत में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 1,829 नए मामले सामने आए और 2,549 लोग संक्रमण से ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए। वहीं कोरोना संक्रमण के कारण 33 लोगों की मौत हो गई। देश में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल मामलों का आंकड़ा 4,31,27,199 हो गया। वहीं अभी यहां 15,647 सक्रिय मामले हैं। अब तक संक्रमण से स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा 4,25,87,259 है।
महामारी की शुरुआत से अब तक देश में 5,24,293 मौतें हो चुकी हैं। हालांकि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी वैक्सीनेशन अभियान के तहत 1,91,65,00,770 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।