विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऑपरेशन सागर बंधु: राहत सामग्री के साथ श्रीलंका में बचाव कार्य में उतरे भारतीय नौसेना-वायुसेना, भारत ने पहुंचाई मदद

By sanjay mishraEdited By: Prince Gourh
Published: Sat, 29 Nov 2025 09:30 PM (IST)

भारत ने 'ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत चक्रवात प्रभावित श्रीलंका को राहत सामग्री और बचावकर्मी भेजे हैं। नौसेना के हेलीकॉप्टर ...और पढ़ें

भारत का ऑपरेशन सागर बंधु श्रीलंका के लिए त्वरित मदद (फोटो सोर्स- एएनआई)

भारत का ऑपरेशन सागर बंधु श्रीलंका के लिए त्वरित मदद (फोटो सोर्स- एएनआई)

HighLights

  1. भारत ने श्रीलंका को भेजी राहत सामग्री

  2. नौसेना और वायुसेना बचाव कार्य में जुटे

  3. श्रीलंका ने भारत की मदद की सराहना की

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मुश्किल वक्त में सबसे पहले पड़ोसियों का हाथ थामने की अपनी छवि के अनुरूप भारत ने चक्रवात प्रभावित मित्र पड़ोसी देश श्रीलंका की मदद के लिए आपरेशन सागर बंधु के तहत राहत सामाग्री की मदद भेजने के साथ ही भारतीय वायुसेना और भारतीय नौसना के कर्मियों को भी राहत-बचाव कार्यों के लिए उतार दिया है।

कोलंबो बंदरगाह पर खड़े भारतीय नौसेना के सबसे बड़े एयरक्राफ्ट कैरियर आइएनएस विक्रांत से नौसेना के दो चेतक हेलीकाप्टर श्रीलंकाई वायुसेना के कर्मियों को साथ लेकर जहां चक्रवात दितवाह से तबाह इलाकों में लोगों को सुरक्षित बचाने के लिए खोज और बचाव कार्य कर रहे हैं।

28 टन राहत सामग्री श्रीलंका रवाना

वहीं भारतीय वायुसेना के विमानों ने 28 टन से अधिक तात्कालिक राहत सामाग्री के साथ राहत बचाव कार्यों में विशेषज्ञ माने जाने वाले एनडीआरएफ के 80 बचाव कर्मियों के दल को श्रीलंका में उतार दिया है। आपरेशन सागर बंधु के तहत भारत की त्वरित मदद की इस पहल को श्रीलंकाई सरकार से लेकर वहां के मुख्य विपक्षी दल ने एक सुर से सराहना की है।

श्रीलंका को पहुंचाई गई मानवीय मदद के संबंध में भारतीय वायुसेना ने बयान जारी कर शनिवार को कहा कि चक्रवाती तूफान दितवाह से हुई तबाही के बाद भारत ने राहत की कोशिशों को मजबूत करने के लिए तेजी से आपरेशन सागर बंधु शुरू किया।

इस क्रम में ने 28-29 नवंबर की रात को गाजियाबाद के हिंडन एयर बेस से तुरंत एक सी-130 और एक आइएल-76 विमान मदद सामाग्री तथा बचाव कर्मियों के दल के साथ रवाना किया गया। इसमें 21 टन राहत सामग्री के साथ 80 से अधिक एनडीआरएफ के जवान और आठ टन बचाव उपकरणों से जुड़े सामान शामिल जो रविवार सुबह कोलंबो पहुंचा दिए गए।

वायुसेना ने अपने बयान में कहा कि पड़ोसी पहले की भावना को दोहराते हुए भारत जरूरत के इस समय में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है। वायुसेना के साथ ही भारतीय नौसेना के सबसे सबसे बड़े विमानवाहक जहाज आइएनएस विक्रांत के जरिए श्रीलंका के चक्रवात प्रभावित लोगों की मदद पहुंचाने की आधिकारिक जानकारी विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को एक्स पोस्ट पर साझा की।

इसमें विदेशमंत्री ने कोलंबो तट से आइएनएस विक्रांत से उड़ान भरते नौसेना के दो चेतक हेलीकाप्टरों की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि आपरेशन सागर बंधु जारी है और इन हेलीकाप्टरों में श्रीलंका वायुसेना के कर्मियों को साथ लेकर लापता लोगों की तलाश और बचाव कार्य किए जा रहे हैं।

भारत का ऑपरेशन सागर बंधु

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ही ऑपरेशन सागर बंधु के तहत त्वरित मानवीय सहायता पहुंचाने की पहल शुरू किए जाने की जानकारी एक्स पर साझा करते हुए कहा था कि भारत की नेबरहुड फ‌र्स्ट पालिसी और विजन महासागार के हिसाब से भारत जरूरत के समय में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है।

श्रीलंका सरकार के विदेमंत्री विजिथा हेराथ से लेकर वहां की संसद में नेता विपक्ष सजीथ प्रेमदासा ने भारतीय नौसेना और वायुसेना के साथ सभी तरह की मानवीय सहायता की सराहना करते हुए भारत का आभार जताया है।

सोलर रेडिएशन से Airbus डगमगाया; भारत पर असर कितना, 6000 हवाई जहाज रिकॉल करने की Inside Story