छठ पूजा पर रामायण रिसर्च काउंसिल शुरू करेगी 'श्रीसीता-सम्मान' अभियान, देशभर की प्रेरणादायी महिलाओं को किया जाएगा सम्मानित
रामायण रिसर्च काउंसिल ने छठ पूजा के अवसर पर देशभर की प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित करने के लिए 'श्रीसीता-सम्मान' अभियान ...और पढ़ें

छठ पूजा पर रामायण रिसर्च काउंसिल शुरू करेगी 'श्रीसीता-सम्मान' अभियान
HighLights
देशभर की प्रेरणादायी महिलाओं को किया जाएगा सम्मानित, हर जिले तक पहुंचने की योजना
महिलाओं के जीवन संघर्ष व उपलब्धियों पर प्रकाशित होंगी पुस्तकें, 14 दिसंबर को पहला आयोजन
जेएनएन, नई दिल्ली। रामायण रिसर्च काउंसिल ने छठ पूजा के अवसर पर देशभर की प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित करने के लिए 'श्रीसीता-सम्मान' अभियान की पहल की है।
इसके तहत अलग-अलग राज्यों के प्रत्येक जिले तक पहुंचकर समाज सेवा, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
काउंसिल के महासचिव कुमार सुशांत के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के संघर्ष, उपलब्धियों और प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों को समाज के सामने लाना है। इसके लिए सम्मान समारोह के साथ ऑनलाइन व ऑफलाइन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही चयनित महिलाओं के जीवन और आदर्शों पर आधारित पुस्तकों के प्रकाशन की योजना बनाई गई है।
इस पहल के तहत 'भारत की वीर-पुत्रियां' शीर्षक से पुस्तक तैयार की गई है। इसके कई संस्करण प्रकाशित करने की योजना है। काउंसिल का कहना है कि इन पुस्तकों के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रेरणादायी महिलाओं के जीवन और उनके योगदान से परिचित कराया जाएगा।
रामायण रिसर्च काउंसिल के बोर्ड आफ ट्रस्टी के अध्यक्ष व उत्तराखंड से सांसद अजय भट्ट ने कहा कि अभियान को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और उनके योगदान को पहचान दिलाने के लिए यह पहल की गई है।
काउंसिल ने 14 दिसंबर को सीता-राम विवाह पंचमी के अवसर पर दिल्ली में पहला 'श्रीसीता-सम्मान' आयोजन करने की घोषणा की है।
इस पहल को संतों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ है। काउंसिल के अनुसार, वह देशभर में पहले से श्रीजानकी कथा का आयोजन कर रही है। अब इस अभियान के जरिए महिला सम्मान और सांस्कृतिक चेतना को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।