मुंबई हमले की 18वीं बरसी... देश-विदेश के नेताओं ने 26/11 के शहीदों और पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
गृह मंत्री शाह ने आतंकवाद के हर स्वरूप के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में भारत की अग्रणी भूमिका की सराहना की और कहा कि वह निर्णायक कार्रवाई कर रहा है। वहीं, अमेरिका व इजरायल ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वे मजबूती से भारत के साथ खड़े हैं।

26/11 की 18वीं बरसी पर देश-विदेश के नेताओं ने दी मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि
HighLights
राष्ट्रपति मुर्मु बोलीं- साहस, करुणा और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र का हौसला नहीं तोड़ सकता आतंकवाद
शाह ने कहा- आतंकवाद मानवता के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध, भारत निर्णायक कार्रवाई कर रहा
अमेरिका व इजरायल ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वे मजबूती से भारत के साथ खड़े
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। 2008 के मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए सैनिकों, पुलिसकर्मियों और निर्दोष लोगों को 26/11 की 18वीं बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ समेत देश-विदेश के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।
गृह मंत्री शाह ने आतंकवाद के हर स्वरूप के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में भारत की अग्रणी भूमिका की सराहना की और कहा कि वह निर्णायक कार्रवाई कर रहा है। वहीं, अमेरिका व इजरायल ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वे मजबूती से भारत के साथ खड़े हैं।
बता दें कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के भारी हथियारों से लैस 10 आतंकियों ने शहर के कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था।
इन हमलों में विदेशी नागरिकों सहित 166 लोगों की जान गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। 60 घंटे तक चले इन आतंकी हमलों ने मुंबई को दहला दिया था।
प्रेट्र के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान बहादुरी से डटे सुरक्षा कर्मियों और अन्य लोगों के साहस को नमन किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद जिंदगियां उजाड़ सकता है, लेकिन साहस, करुणा और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र का हौसला कभी नहीं तोड़ सकता।
गृह मंत्री शाह ने एक्स पर पोस्ट किया- " 2008 में आज ही के दिन मुंबई पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमलों ने पूरे देश को झकझोर दिया था। मैं आतंकियों को करारा जवाब देते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन करता हूं और इन हमलों में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि देता हूं।"
आतंकवाद को मानवता के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध बताते हुए शाह ने कहा कि मोदी सरकार की आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टोलरेंस नीति’ की दुनियाभर में सराहना हो रही है। आज भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और आतंकवाद के हर स्वरूप तथा हर साजिश के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुरक्षा कर्मियों के साहस, वीरता और समर्पण की सराहना की, जिन्होंने आतंक के खिलाफ डटकर मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के सभी स्वरूपों को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की बात कही और कहा कि भारत इस मुद्दे पर कभी समझौता नहीं करेगा।
महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई पुलिस मुख्यालय में उन लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की, जिन्होंने 18 साल पहले मुंबई में हुए आतंकी हमलों के दौरान आतंकियों से लड़ते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था।
एएनआइ के अनुसार, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। एक्स पर पोस्ट में गोर ने कहा- " मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर हम छह अमेरिकियों समेत मारे गए 166 निर्दोष लोगों को नमन करते हैं।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका भारत के साथ खड़ा है और आतंकियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए हमारी कानून प्रवर्तन साझेदारी अहम बनी हुई है।"
यरुशलम से प्रेट्र के अनुसार, इजरायल ने गुरुवार को कहा कि वह आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है। उसने 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि भी दी।
इजरायल के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक्स पर लिखा - "आज इजरायल भारतीय लोगों के धैर्य और दृढ़ता, दूसरों की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वालों के साहस और 26/11 के भीषण मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों को नमन करता है।" इसमें आगे कहा कि आतंकवाद की कोई सीमा नहीं होती और उसे हराने की हमारी साझा प्रतिबद्धता की भी कोई सीमा नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।