विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रिक्स संसदीय फोरम की मेजबानी करने जा रहा भारत, ओम बिरला बोले- 'वैश्विक अनिश्चतता में संसदीय कूटनीति बेहद अहम

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:58 PM (GMT+05:30)

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ब्रिक्स संसदीय सम्मेलन में आने वाले विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे, जिसका उद्देश्य संसदीय सहयोग और वैश्विक कूटनीति को मजबूत करना है।

वैश्विक अनिश्चतता में संसदीय कूटनीति बेहद अहम-ओम बिरला

वैश्विक अनिश्चतता में संसदीय कूटनीति बेहद अहम-ओम बिरला

HighLights

  1. ओम बिरला करेंगे ब्रिक्स प्रतिनिधिमंडलों से द्विपक्षीय बैठकें।

  2. भारत कर रहा ब्रिक्स संसदीय फोरम की मेजबानी इस बार।

  3. वैश्विक चुनौतियों, एआई और प्रौद्योगिकी पर होगी महत्वपूर्ण चर्चा।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ब्रिक्स संसदीय सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली आने वाले हर विदेशी दल के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

इसका मकसद संसदीय सहयोग को वैश्विक कूटनीति की अहम कड़ी बनाना है। बिरला ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता बढ़ने के बीच संसदीय कूटनीति अहम हो गई है।

हमारी कोशिश यह है कि वैश्विक अस्थिरता से जुड़े मुद्दों पर संबंधित देशों के बीच चर्चा हो और इन विषयों पर उन देशों के भीतर भी संसदीय चर्चाओं को बढ़ावा मिले।

उन्होंने बताया कि वैश्विक कूटनीति में संसद की अपनी भूमिका है और अधिक से अधिक देशों के साथ संवाद बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। आने वाले दिनों में कई देशों के संसदीय दलों को भारत आमंत्रित किया जाएगा।

भारत भी अपना संसदीय दल ज्यादा देशों को भेजने की मंशा रखता है।ब्रिक्स संसदीय फोरम की मेजबानी भारत कर रहा है। इसमें वैश्विक चुनौतियों, एआई और प्रौद्योगिकी के उचित व मानव-केंद्रित उपयोग, सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण पर चर्चा होगी। सम्मेलन में चीन, रूस और ईरान समेत शीर्ष अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

उच्च स्तरीय प्रतिनिधित्व में ईरान संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ चार सांसदों के साथ, रूसी स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोडिन 10 सांसदों के साथ, चीन की नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की स्थायी समिति के उपाध्यक्ष झेंग जियानबांग तीन सांसदों के साथ, यूएई फेडरल नेशनल काउंसिल के अध्यक्ष साकर घोबाश तीन सांसदों के साथ और मिस्र की विदेश संबंध समिति के अध्यक्ष सामेह शौकरी दो सांसदों के साथ शामिल हैं। ब्राजील का प्रतिनिधित्व ब्रिक्स संबंधों के लिए उसके संसदीय समूह के अध्यक्ष सीनेटर इराजा सिल्वेस्ट्रे फिल्हो कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- NCPI के 20 सांसदों को फिर राहत की दरकार, स्पीकर ओम बिरला से मांगी मोहलत