एनवीडिया का बड़ा फैसला: दक्षिणपूर्व एशिया के चार देशों को चिप भेजने पर रोक, डेल और सुपरमाइक्रो समेत चार साझेदारों को निर्देश
अमेरिकी एआई चिप निर्माता एनवीडिया ने मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड और इंडोनेशिया को चिप आपूर्ति रोकने का फैसला किया है।

दक्षिणपूर्व एशिया के चार देशों को चिप नहीं भेजेगी एनवीडिया। (फोटो-रॉयटर्स)
HighLights
एनवीडिया ने चार दक्षिणपूर्व एशियाई देशों को चिप आपूर्ति रोकी।
अमेरिकी सीनेटर ने एनवीडिया सीईओ की बातचीत का ब्योरा मांगा।
एलिस हुआंग के जासूस होने पर अमेरिकी एजेंसियों में मतभेद।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिकी एआई चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया ने दक्षिणपूर्व एशिया के चार देशों को अपने चिप की आपूर्ति रोकने का फैसला किया है।
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने अपने चार मैन्युफैक्चरिंग साझेदारों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड और इंडोनेशिया भेजे जाने वाले सर्वरों में एनवीडिया के चिप न लगाएं। इन साझेदारों में डेल और सुपरमाइक्रो जैसी कंपनियां शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इन देशों के लिए चिप से जुड़े नए आर्डर की अनुमति भी नहीं देगी।
इस बीच, अमेरिकी सीनेटर कोरी बुकर ने एनवीडिया के बोर्ड चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स को पत्र लिखकर कंपनी के सीईओ जेनसन हुआंग और संघीय अधिकारियों के बीच हुई बातचीत का ब्योरा मांगा है। रॉयटर के अनुसार, उन्होंने 16 दिसंबर तक जवाब देने और एक जनवरी 2026 से अब तक के संबंधित रिकार्ड सुरक्षित रखने को कहा है।
सीनेट की न्यायिक समिति की एंटीट्रस्ट उपसमिति के शीर्ष डेमोक्रेट सदस्य बुकर ने सवाल उठाया है कि क्या एनवीडिया की बाजार में मजबूत स्थिति ने उसे कंपनी की निगरानी करने वाले अधिकारियों पर अनुचित प्रभाव डालने का मौका दिया है। उन्होंने हुआंग की वापसी, संभावित कानूनी जांच, निर्यात नियंत्रण और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चाओं की जानकारी भी मांगी है।
एलिस हुआंग को लेकर खुफिया एजेंसियों में मतभेद
रॉयटर के अनुसार, हुआंग के साथ संबंध रखने वाली एलिस हुआंग के कथित चीनी जासूस होने को लेकर अमेरिकी एजेंसियों में अलग-अलग आकलन हैं। एफबीआई का मानना है कि वह चीनी जासूस नहीं हैं, जबकि सीआइए ने उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर इस संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है।
कुछ अधिकारियों को संदेह है कि उनका चीनी जासूसी एजेंसी से संपर्क बीजिंग के साथ सहयोग का संकेत हो सकता है। न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, विदेश मंत्री मार्को रुबियो के एक गोपनीय मेमो में भी संकेत दिया गया था कि चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय ने संभवतः एलिस को अपने लिए एक संपर्क सूत्र के रूप में तैयार किया था। हालांकि, उनके द्वारा कोई संवेदनशील जानकारी चीन को दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
हुआंग को क्षमादान की जरूरत नहीं: वेंस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने उन अटकलों को खारिज किया है कि हुआंग को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से क्षमादान की जरूरत पड़ सकती है। एपी के अनुसार, वेंस ने कहा कि न्याय विभाग और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि हुआंग के खिलाफ कोई जांच नहीं चल रही है। उनके अनुसार, फिलहाल ऐसा कोई सबूत भी सामने नहीं आया है, जिससे हुआंग के अपराध में शामिल होने की पुष्टि हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।