विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हनीट्रैप का असर, 2 सालों में चीन पहुंचीं 7.5 अरब डॉलर की एनवीडिया चिप्स; विवादों में घिरे सीईओ जेनसन हुआंग

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:40 PM (IST)

एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग चीन को चिप्स बेचने के विवाद में घिर गए हैं, जिसमें कथित जासूस एलिस हुआंग की भूमिका सामने आई है।

एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग चीन चिप विवाद में फंसे (फोटो-सोशल मीडिया)

एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग चीन चिप विवाद में फंसे (फोटो-सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दुनिया की प्रमुख माइक्रोचिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग एक बड़े विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं।

अमेरिकी मीडिया संस्थान 'द इन्फर्मेशन' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के लिए जासूसी करने की संदिग्ध कारोबारी महिला एलिस हुआंग उर्फ हुआंग ली के साथ उनके कथित संबंधों ने चीन की कंपनियों तक कम से कम 7.5 अरब डॉलर मूल्य के एनवीडिया चिप पहुंचाने में मदद की।

रिपोर्ट में इस महिला को जानने वाले दो लोगों के हवाले से यह दावा किया गया है। हालांकि, एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है।

रिपोर्ट के अनुसार, एलिस हुआंग ने अपने पति और बहन के साथ मिलकर चीन और सिंगापुर में कंपनियों का एक नेटवर्क तैयार किया। इस नेटवर्क के केंद्र में शंघाई की कंपनी सेंचुरी लिटोंग थी। जून 2023 में स्थापित इस कंपनी को कुछ ही महीनों में एनवीडिया के पसंदीदा क्लाउड साझेदार का दर्जा मिल गया। इससे उसे कंपनी के चिप तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंच मिली।

कंपनियों के नेटवर्क से चीन पहुंचाए गए चिप

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के कारण एनवीडिया के कुछ चिप के आर्डर अटकने पर एलिस हुआंग ने कंपनी और उसके वितरकों से अपने संबंधों का इस्तेमाल कर आपूर्ति हासिल की। इसके जरिए करीब 2.40 लाख एच100, एच200 और ए100 चिप चीन पहुंचाए गए। इनमें कुछ ऐसे चिप भी शामिल थे, जिनकी चीन को बिक्री पर अमेरिकी प्रतिबंध था।

सेंचुरी लिटोंग ने इन चिप का इस्तेमाल डाटा सेंटर चलाने और कंप्यूटिंग क्षमता किराये पर देने में किया। रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी सेवाओं का इस्तेमाल अलीबाबा, टेनसेंट और चीन की कुछ छोटी एआइ प्रयोगशालाओं ने भी किया। एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड में भी वरिष्ठ पद पर थीं।

इसकी मलेशियाई सहयोगी कंपनी स्पीडमैट्रिक्स के जरिए हासिल किए गए हार्डवेयर भी बाद में सेंचुरी लिटोंग तक पहुंचे। अमेरिकी अधिकारियों ने दक्षिण-पूर्व एशिया के रास्ते चीन तक चिप पहुंचाने के मामले में मेगास्पीड की जांच की है।

एफबीआई कर रही जांच

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि एफबीआइ इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जेनसन हुआंग से उनकी बातचीत हुई थी। हुआंग ने उनसे कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि एलिस हुआंग कथित तौर पर जासूसी गतिविधियों में शामिल थीं।

ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि हुआंग ठीक रहेंगे। ट्रंप ने ये भी दावा किया कि हुआंग के संबंध में उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रूबियो के भेजे क्लासीफायड मेमो को नहीं पढ़ा था। रूबियो ने ट्रंप की चीन यात्रा से पहले इस साल मई में ये मेमो ट्रंप प्रशासन से साझा किया था।

उधर, एनवीडिया के बोर्ड ने भी यह पता लगाने के लिए आंतरिक जांच शुरू की है कि कहीं कंपनी प्रमुख को विदेशी खुफिया गतिविधियों का निशाना तो नहीं बनाया गया। विवाद के बीच कंपनी के शेयर सोमवार को चार प्रतिशत से अधिक गिर गए, जिसके चलते कंपनी को 190 अरब डॉलर का नुकसान हुआ।

हालांकि, कंपनी का बाजार पूंजीकरण अब भी चार ट्रिलियन डॉलर से ऊपर बना हुआ है। फिलहाल, एनवीडिया दुनिया की दूसरी बड़ी कंपनी बनी हुई है।

न्यूयार्क पोस्ट की एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले का असर हुआंग के नेतृत्व और कंपनी की साख पर भी पड़ सकता है। खासकर अगले साल अमेरिकी कांग्रेस का नियंत्रण डेमोक्रेट्स के हाथ में आने की स्थिति में कंपनी को राजनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों का सामना करना पड़ सकता है। इन सवालों की आंच राष्ट्रपति ट्रंप तक भी पहुंच सकती है।

एक कॉरपोरेट वकील ने न्यूयार्क पोस्ट को बताया कि डेमोक्रेट्स की सुनवाई को जेनसन हुआंग बहुत देर तक झेल नहीं पाएंगे। जैसे-जैसे परतें खुलती जाएंगी, कंपनी बोर्ड उनसे दूरी बनाना शुरू कर देगा।

एनवीडिया के एक शेयरधारक ने सीईओ पर किया मुकदमा

एपी के अनुसार, एनवीडिया के एक शेयरधारक ने सीईओ जेनसन हुआंग पर निवेशकों से धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया है। सोमवार को कैलिफोर्निया की एक अदालत में दायर शिकायत में कहा गया है कि कंपनी ने निवेशकों को दोनों के बीच संबंधों को लेकर गुमराह किया।

इस संबंध के बारे में निवेशकों को नहीं बताया गया और गलत बयानी भी की गई। खुदरा निवेशक मार्क किस्टेनमाकर द्वारा दायर इस शिकायत में हर्जाने की मांग की गई है और जूरी द्वारा सुनवाई की मांग की गई है।

इस शिकायत एक 'क्लास-एक्शन' मुकदमे के रूप में चलाने की अपील की गई है, जिसमें उन सभी लोगों का प्रतिनिधित्व होगा, जिन्होंने नौ अक्टूबर से लेकर आठ नवंबर के बीच एनवीडिया के शेयर खरीदे थे। इसी दौरान न्यूयॉर्क टाइम्स ने खबर प्रकाशित की थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।