विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Nvidia में हुआंग की वापसी से ट्रंप को कैसे हुआ 140 करोड़ का फायदा? Inside Story

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:22 PM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के हस्तक्षेप से एनवीडिया के प्रमुख जेन्सेन हुआंग की वापसी हुई, जिससे ट्रंप को अपने एनवीडिया शेयरों पर लगभग 140 करोड़ रुपये का बड़ा लाभ हुआ।

एनवीडिया में हुआंग की वापसी ट्रंप को 140 करोड़ का फायदा (फाइल फोटो-रॉयटर्स)

एनवीडिया में हुआंग की वापसी ट्रंप को 140 करोड़ का फायदा (फाइल फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. ट्रंप के दखल से एनवीडिया सीईओ हुआंग की कुर्सी वापसी।

  2. हुआंग की वापसी से ट्रंप को 140 करोड़ रुपये का लाभ।

  3. फैसले पर अमेरिकी राजनीति में हितों के टकराव का विवाद।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के दखल से एनवीडिया के प्रमुख जेन्सेन हुआंग को कुर्सी तो वापस मिल गई, लेकिन इस फैसले ने अमेरिकी राजनीति और कारोबारी जगत में नया विवाद खड़ा कर दिया है।

हुआंग की वापसी के बाद कंपनी के शेयरों में जोरदार उछाल आया और ट्रंप की संपत्ति में एक ही दिन में करीब 1.5 से 1.7 करोड़ डॉलर (लगभग 140 करोड़ रुपये) जुड़ने का अनुमान है।

रायटर के मुताबिक, ट्रंप के पास 1.1 करोड़ से 5.5 करोड़ डॉलर मूल्य के एनवीडिया शेयर हैं। फाइनेंशियल टाइम्स के अनुसार, 30 सितंबर तक ट्रंप के पास एनवीडिया के 3.70 लाख शेयर थे। वहीं, बीबीसी के अनुसार, पिछले दो वर्षों में ट्रंप ने एनवीडिया के 2.30 करोड़ से लेकर 8.60 करोड़ डॉलर तक के शेयर खरीदे। शेयरों की खरीद-बिक्री से उन्हें 35 लाख से 1.02 करोड़ डॉलर तक का लाभ होने का अनुमान है।

सोमवार को कंपनी के शेयर 31.5 प्रतिशत चढ़े, जिससे उसके बाजार मूल्य में करीब एक ट्रिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई। एनवीडिया एक बार फिर बाजार पूंजीकरण के लिहाज से एपल के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई। वहीं, जेन्सेन हुआंग की निजी संपत्ति में करीब 34 अरब डॉलर का इजाफा हुआ।

डेमोक्रेट सांसदों ने उठाए हितों के टकराव पर सवाल

एपी के अनुसार, अमेरिकी सांसदों ने हुआंग की वापसी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी कंपनी को विशेष छूट नहीं मिलनी चाहिए। ट्रंप की भूमिका और उनके निवेश को लेकर अमेरिकी राजनीति में सवाल उठने लगे हैं।

एरिजोना के डेमोक्रेट सीनेटर रुबेन गैलेगो ने घोषणा से पहले शेयरों में हुए कारोबार की जांच की मांग की है। व्हाइट हाउस का कहना है कि ट्रंप का शेयर और बांड पोर्टफोलियो स्वतंत्र वित्तीय संस्थान संभालते हैं और निवेश संबंधी फैसलों में राष्ट्रपति या उनके परिवार की कोई भूमिका नहीं होती।

11 दिन में हुई वापसी, जांच के घेरे में कंपनी

न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, हुआंग ने 12 नवंबर को विवाहेतर संबंधों से जुड़े विवाद के बीच सीईओ पद छोड़ दिया था। इनमें एक चीनी कारोबारी महिला से संबंधों के आरोप भी शामिल थे, जिस पर चीनी खुफिया एजेंसी से संबंध होने का संदेह जताया गया है। चीन ने जासूसी के आरोपों को खारिज किया है।

ट्रंप ने खुद दावा किया कि उन्होंने बोर्ड को हुआंग को वापस बुलाने के लिए राजी किया। सिलिकान वैली स्थित एनवीडिया मुख्यालय पहुंचने पर हुआंग का जोरदार स्वागत किया गया। कर्मचारियों ने उनसे गले मिलकर और तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।

चीन को चिप पहुंचाने पर अमेरिका सख्त

इस बीच, हुआंग की वापसी के दिन ही अमेरिकी प्रशासन ने सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड को व्यापार प्रतिबंधों की सूची में डाल दिया। कंपनी पर एनवीडिया के उन्नत चिप चीन तक पहुंचाने में मदद करने का आरोप है। इस मामले में वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

वाद के केंद्र में चीन को उन्नत एआई चिप की आपूर्ति भी है। अमेरिका ने चीन को चिप निर्यात पर लाइसेंस संबंधी पाबंदियां सख्त की हैं। तीन दिसंबर को हुआंग को अमेरिकी संसद की बैंकिंग कमेटी के सामने हाजिर होना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।