विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देरी से आवेदन पर लगेगी 500 रुपये की अतिरिक्त फीस, यूजीसी-नेट और CSIR-NET के लिए NTA ने जारी किया नियम

Published: Fri, 09 Oct 2026 10:28 PM (GMT+05:30)

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट और ज्वाइंट सीएसआईआर-यूजीसी नेट के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। अब विलंब ...और पढ़ें

एनटीए ने  आवेदन के लिए नया नियम जारी किया

एनटीए ने आवेदन के लिए नया नियम जारी किया

HighLights

  1. एनटीए ने यूजीसी नेट और सीएसआईआर नेट के आवेदन शुरू किए।

  2. विलंब से आवेदन करने पर 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क लगेगा।

  3. दिसंबर सत्र की परीक्षाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथियां जारी हुईं।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पेपर लीक को लेकर विवादों में घिरी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) अपने नए परीक्षा चक्र को लेकर आगे बढ़ी है। जिसमें उसने यूजीसी नेट व ज्वाइंट सीएसआइआर-यूजीसी नेट के लिए आवेदन मांगे है।

इस बीच एनटीए ने अपने नियमों में बदलाव भी किए है। जिसमें विलंब से आवेदन करने वालों के लिए एक नई विंडो खोली है, जिसके लिए आवेदकों को पांच सौ रुपए की अतिरिक्त फीस चुकानी होगी।

फिलहाल यूजीसी नेट के दिसंबर सत्र के लिए बगैर किसी विलंब शुल्क के 28 अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकेंगे,वहीं विलंब शुल्क के साथ 31 अक्टूबर तक आवेदन लिए जा सकेंगे। यह परीक्षा 14 से 19 दिसंबर के बीच होगी।

एनटीए ने इसके साथ ही ज्वाइंट सीएसआइआर-यूजीसी नेट के लिए बगैर किसी विलंब शुल्क के पांच नवंबर तक आवेदन मांगे है,वहीं विलंब शुल्क के साथ नौ नवंबर तक आनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। यह परीक्षा 19,22 व 27 दिसंबर तक होगी। इस दोनों ही परीक्षा के जरिए जूनियर रिसर्च फेलोशिप, असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्रता और विश्वविद्यालय व कालेजों में पीएचडी में दाखिले दिए जाते है।

एनटीए से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पहली बार आवेदन के दौरान अतिरिक्त फीस देकर विलंब से आवेदन करने का विकल्प दिया गया है। सूत्रों की मानें तो एनटीए के पास अब तक आवेदन की अंतिम तारीख निकल जाने के बाद आवेदन अवधि बढ़ाने के लिए अनुरोध आते थे। इसे देखते हुए एनटीए ने विलंब शुल्क का प्रावधान लागू कर दिया है।

ऐसे में लेट फीस के बाद भी आवेदन न करने वाले आवेदकों को बाद में कोई मौका नहीं मिलेगा। इसके साथ ही एनटीए की इस पहल को विशेषज्ञों की नई फौज की भर्ती के चलते बढ़े खर्चों को जुटाने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि इन परीक्षाओं में हिस्सा लेने वाले बड़ी संख्या ऐसे छात्र भी होते है, जो आवेदन की अंतिम तिथि के दिन या फिर तिथि के बढ़ाए जाने के बाद आवेदन करते है।