विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

47 अधिकारियों को बर्खास्त करने बाद NTA ने निकाली वैकेंसी, युवा प्रोफेशनल्स के लिए खोले दरवाजे

Published: Sat, 25 Jul 2026 12:02 AM (IST)Updated: Sat, 25 Jul 2026 12:06 AM (IST)

केंद्र सरकार ने नीट पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एनटीए के 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है, जिनमें अधिकांश संविदा पर थे।

NTA में नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू (फाइल फोटो)

NTA में नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एनटीए के 47 अधिकारी पेपर लीक मामले में बर्खास्त।

  2. अधिकांश बर्खास्त अधिकारी संविदा पर कार्यरत थे।

  3. एनटीए में 16 युवा पेशेवरों की भर्ती होगी।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार ने शुक्रवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जहां नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ( एनटीए ) में पदस्थ 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है, वहीं एनटीए की जरूरत को देखते हुए महाप्रबंधक स्तर के 16 युवा पेशेवरों की भर्ती के लिए विज्ञापन भी जारी किया है।

इसके साथ ही एक महीने के भीतर एनटीए में सुधार के और भी बड़े कदम उठाने के संकेत दिए है। इस मामले में केंद्र सरकार के गुरुवार को भी शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी को भी हटाने की कार्रवाई की थी।

NTA ने निकाली वैकेंसी

शिक्षा मंत्रालय से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो एनटीए के बर्खास्त किए गए 47 अधिकारियों में से अधिकांश संविदा पर तैनात थे। इस सभी के खिलाफ यह कार्रवाई पेपर लीक मामले में चल रही जांच में संदिग्ध भूमिका पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

इसके साथ ही बर्खास्त किए गए अधिकारियों में कुछ लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज कराने की तैयारी है। वहीं एनटीए में युवा पेशेवरों की यह भर्ती यूपीएसपी के जरिए की जाएगी।

एनटीए में युवा पेशेवरों के जरिए अहम पदों को भरने का यह फैसला राधाकृष्णन कमेटी के सुझाव के आधार पर लिया गया है। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में एनटीए में किए जाने वाले सुधार को लेकर एक प्रस्तुति दी गई है।

इनमें एनटीए में अधिकारियों व कर्मचारियों के स्थाई नियुक्ति, देश भर में डेडीकेटेड परीक्षा केंद्रों का निर्माण, कंप्यूटर के जरिए होने वाली परीक्षा के लिए अपना डेडीकेटेड साफ्टवेयर, डेटा सेंटर और उपकरणों की व्यवस्था आदि जैसे पहले शामिल है।

सूत्रों की मानें तो सुधार की करीब 25 पहलों को चिन्हित किया गया है। इन सभी पर महीने भर के भीतर काम शुरू होने के निर्देश दिए गए है। गौरतलब है कि सरकार की यह पहल तब तेज हुई है, जब नीट पेपर लीक को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार उग्र रूप ले रहा है।

एनटीए में अभी सिर्फ 24 स्थाई अधिकारी-कर्मचारी

नीट यूजी जैसी बड़ी परीक्षाएं कराने वाले एनटीए में वैसे अधिकारियों-कर्मचारियों के 39 ही स्थाई स्वीकृत पद है लेकिन इनमें से 15 पद अभी खाली है, जबकि 24 पद भरे हुए है। जो पद भरे हुए है, उनमें भी सभी प्रतिनियुक्ति के जरिए भरे गए है।

यानी एनटीए का अपना कोई अमला नहीं है। इससे अतिरिक्त अब तक वहां संविदा पर करीब 73 अधिकारी व सलाहकार आदि तैनात थे , वहीं संविदा पर ही 124 दूसरे कर्मचारियों व चपरासी आदि तैनात है।

यह भी पढ़ें- 'हमारे पास हेलीकॉप्टर नहीं', मुस्लिम पक्ष ने भोजशाला से नमाज की जगह दूर मिलने का लगाया आरोप; 29 जुलाई को SC में सुनवाई