NSG के ब्लैक कैट कमांडो को हीट स्ट्रोक से बचाएगी नाइको से बनी यूनिफॉर्म, 44 डिग्री तापमान में भी जवान रहेंगे सुरक्षित
भीषण गर्मी से कमांडो को बचाने के लिए एनएसजी ने अपने ब्लैक कैट कमांडो के लिए नाइको से बनी नई हवादार यूनिफार्म की सिफारिश की है।

एनएसजी कमांडो के लिए नई हवादार यूनिफार्म की सिफारिश।
HighLights
एनएसजी कमांडो के लिए नई हवादार यूनिफार्म की सिफारिश।
आंध्र प्रदेश में कमांडो के बेहोश होने के बाद लिया गया निर्णय।
नाइको मटीरियल से बनी यूनिफार्म हीटस्ट्रोक से बचाएगी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भीषण गर्मी और उससे होने वाली थकान को देखते हुए नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) ने अपने ब्लैक कैट कमांडो के लिए एक नई हवादार (ब्रीदेबल) यूनिफार्म की सिफारिश की है।
सुरक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने बताया कि यह कदम अप्रैल में हुई एक घटना के बाद उठाया गया है, जब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सुरक्षा में तैनात एक कमांडो बेहोश हो गया था।
उस दिन विजयवाड़ा में तापमान लगभग 44 डिग्री था। कमांडो ने अपनी काली यूनिफार्म के ऊपर बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी थी, सिर पर काली टोपी थी और कमर के चारों ओर छोटे हथियार लगे थे।
इस वजह से उसे हीटस्ट्रोक हो गया। एनएसजी की क्लोज प्रोटेक्शन फोर्स के कमांडरों और मुख्यालय के विशेषज्ञों ने घटना को गंभीरता से लिया।
एक सूत्र ने बताया, "एनएसजी के वीआइपी सुरक्षा कमांडो की काली यूनिफार्म के लिए नाइको नाम के ऐसे मटीरियल का सुझाव दिया गया है, जो हवा को आसानी से आर-पार जाने देता है और इसमें नायलान और काटन का मिश्रण होता है।" नाइको से हवा और नमी आसानी से आर-पार जा सकती है, जिससे पहनने वाले को ठंडक मिलती है।
एक अधिकारी ने बताया कि नाइको से बनी यूनिफार्म का इस्तेमाल सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो करते हैं। नए कपड़ों का ट्रायल पूरा हो चुका है और एनएसजी जल्द ही यह मटीरियल खरीदेगी।' उम्मीद है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा होने तक एनएसजी कमांडो नए मटीरियल से तैयार यूनिफार्म में नजर आएंगे।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)