जॉगर्स पार्क में तिरंगे के साथ शुरू होता है दिन, सूर्यनगर में सूर्य के साथ जवां होता है दिन
सुबह-सवेरे सैर के लिए सामुदायिक उद्यानों में पहुंचने वाले हर उम्र-वर्ग-जाति-धर्म के लोग साथ मिलकर देश के प्रति प्रेम-सम्मान की अभिव्यक्ति करते हैं।
रायपुर से दीपक शुक्ला/साहिबाबाद से अवनीश मिश्र। छोटे-बड़े शहरों के उद्यानों में हर सुबह झंडा वंदन और राष्ट्रगान का चलन देशभर में बढ़ रहा है। सुबह-सवेरे सैर के लिए सामुदायिक उद्यानों में पहुंचने वाले हर उम्र-वर्ग-जाति-धर्म के लोग साथ मिलकर देश के प्रति प्रेम-सम्मान की अभिव्यक्ति करते हैं।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित नरैय्या गार्डन में भी यह सिलसिला गत दो वर्ष से अनवरत जारी है। राष्ट्रगान से पहले लगातार 40 मिनट तक देशभक्ति के तराने गूंजते हैं। सुबह सैर को जुटने वाले वरिष्ठ नागरिक हों या बच्चे और युवा, इस दौरान सभी लोग मिलकर राष्ट्रगान का आयोजन करते हैं। इस 15 अगस्त को खास आयोजन की भी तैयारी चल रही है।
भारतीय जीवन बीमा निगम में कार्यरत सुभाष सिंह ने इसकी पहल की थी। देखते ही देखते कारवां बनता गया। सुभाष सिंह मार्निंग वॉक पर निकलने से पहले अपने घर की छत पर भी तिरंगा फहराते हैं। जब वे घर में नहीं होते तो उनकी बेटी या फिर पत्नी तिरंगा फहराने और सूर्यास्त से पहले उतारने का दायित्व निभाती हैं। सुभाष सिंह का अनुसरण करते हुए पड़ोसी पन्नालाल सिंह ने भी अपने घर की छत पर तिरंगा फहराना शुरू कर दिया। गार्डन में जुटने वाले सभी लोग अब ऐसा करने लगे हैं।
गार्डन में लाउडस्पीकर लगाया गया है। सभी लोग व्यायाम और सैर के लिए जब सुबह यहां आते हैं तो सबसे पहले लाउडस्पीकर ही चालू किया जाता है। देशभक्ति के तरानों की सुमधुर आवाज के बीच लोग टहलते हैं, व्यायाम करते हैं। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की सूचना दी जाती है।
लोगों से अपील की जाती है कि जो जहां है, वहीं खड़ा हो जाए। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और फिर राष्ट्रगीत गाया जाता है। भारत माता के जयकारे से मैदान गूंज उठता है। इसके बाद लोग अपने घरों को लौट जाते हैं। गार्डंन की देख-रेख करने वाले गार्ड नृसिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह सूर्यास्त से पहले झंडे को उतारता है।
सुभाष सिंह बताते हैं कि शुरुआत में गार्डन में आने वाले कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी कि वे राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के दौरान एक्सरसाइज बंद नहीं करेंगे। हालांकि फिर सहमत हो गए।
सूर्य नगर में राष्ट्रगान के साथ जवां होता है सूर्य
साहिबाबाद, उप्र के सूर्य नगर स्थितनेहरू पार्क में भी हर सुबह यही दृश्य होता है। हर उम्र-वर्ग के लोग राष्ट्रगान में शामिल होते हैं। सूर्य नगर ब्लॉक-बी के निवासियों की ओर से गत 26 जनवरी से इसकी शुरुआत हुई है। स्थानीय निवासी संजय त्रिपाठी ने बताया कि समाचार-पत्र में पढ़ा कि देश के कुछ गांवों में लोग हर सुबह मिलकर राष्ट्रगान करते हैं। इसी से हमें भी प्रेरणा मिली।
संजय कहते हैं, इससे लोगों में देशभक्ति का जज्बा प्रगाढ़ हो रहा है। बच्चों में भी इसे लेकर अति उत्साह है। पार्क में हर सुबह साढ़े सात बजे पूर्व सूचना के साथ ही राष्ट्रगान की धुन बजती है। लोग अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर राष्ट्रगान को सम्मान देते हैं और साथ गाते हैं।
नेहरू पार्क में राष्ट्रगान के लिए 48 स्पीकर लगाए गए हैं। पार्क में मौजूद सैकड़ों लोग इस आयोजन का हिस्सा बनते हैं। पार्क ही नहीं, जहां-जहां तक आवाज जाती है, सुनने वाला राष्ट्रगान के सम्मान में सावधान मुद्रा में खड़ा हो जाता है। यहां तक कि कॉलोनी में आने वाले फेरी वाले भी इसके अभ्यस्त हो गए हैं। वह भी खड़े होकर राष्ट्रगान गाते हैं।