यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 21, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अभी नहीं होगी अबू सलेम की शादी, खारिज हुई पैरोल की अर्जी
सलेम ने ठाणे की मुंब्रा निवासी महिला से शादी करने के वास्ते पैरोल पर 40 दिनों के लिए रिहा करने की अपील की थी।

मुंबई, प्रेट्र। 1993 मुंबई धमाकों के दोषी अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम की 5 मई को प्रस्तावित शादी अब नहीं हो पाएगी। नवी मुंबई की तलोजा जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे आजमगढ़ (उप्र) निवासी डॉन की पैरोल की अर्जी कोंकण के डिवीजनल कमिश्नर ने खारिज कर दी है। सलेम ने ठाणे की मुंब्रा निवासी महिला से शादी करने के वास्ते पैरोल पर 40 दिनों के लिए रिहा करने की अपील की थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उक्त अधिकारी के अनुसार, सलेम ने पैरोल पर रिहाई के लिए करीब एक महीने पहले आवेदन किया था। तीन दिन पहले डिवीजनल कमिश्नर ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उसकी अर्जी खारिज कर दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सलेम ने चूंकि अपना पता मुंब्रा का दर्ज कराया है, इसलिए अर्जी खारिज करने से पूर्व कमिश्नर ने ठाणे पुलिस से डॉन की सुरक्षा को लेकर रिपोर्ट मांगी थी। ठाणे पुलिस ने रिहाई के दौरान मुंब्रा में डॉन की जान पर खतरे की आशंका जताई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सलेम तीसरी बार शादी करने जा रहा था। 5 मई को उसकी शादी उसी महिला से होनी थी, जिसने 2015 में टाडा कोर्ट में अर्जी दाखिल कर कहा था कि वह डॉन से शादी करना चाहती है। इस महिला ने यह भी दावा किया था कि 2014 में उप्र जाने के दौरान उसने सलेम से ट्रेन में ही शादी कर ली थी। ध्यान रहे कि मुंबई धमाकों के बाद अबू सलेम फरार हो गया। 2005 में उसे पुर्तगाल से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया। पिछले वर्ष सितंबर में विशेष टाडा कोर्ट ने सलेम व चार अन्य को 1993 मुंबई धमाकों का दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।