मारिया-ललित मोदी भेंट की जानकारी नहीं
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया के गत वर्ष लंदन जाने व आइपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी से भेंट करने के मामले की जानकारी होने से इंकार किया है।
मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया के गत वर्ष लंदन जाने व आइपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी से भेंट करने के मामले की जानकारी होने से इंकार किया है। चह्वाण ने सोमवार को कहा, 'मैं मारिया के लंदन जाने और उनके ललित मोदी से भेंट करने की बात से वाकिफ नहीं हूं। ऐसी यात्राओं के लिए गृहमंत्री के स्तर से मंजूरी मिलती है। मुझे उनके बारे में नहीं बताया गया।'
सूबे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने रविवार को मारिया से घोटाले में फंसे ललित मोदी से मुलाकात संबंधी अपने बयान के बारे में स्पष्टीकरण देने को कहा था। पिछले सप्ताह ललित मोदी प्रकरण में तब नया मोड़ आया, जब मुंबई पुलिस आयुक्त मारिया ने माना कि वह मोदी के वकील के कहने पर वर्ष 2014 में लंदन में आइपीएल के पूर्व कमिश्नर से मिले थे।
एक खबरिया चैनल पर मोदी के साथ मुंबई पुलिस प्रमुख की तस्वीर आने के बाद मारिया ने इस संबंध में बयान जारी किया था। मारिया के अनुसार, ललित मोदी से उनकी 15-20 मिनट की मुलाकात हुई थी। उस दौरान मोदी ने अंडरवर्ल्ड से अपनी जान पर खतरे के मद्देनजर मुंबई पुलिस से मदद मांगी थी। लंदन से लौटने के शीघ्र बाद उन्होंने इस भेंट के बारे में गृहमंत्री को बता दिया था।