गडकरी का राफेल सौदे पर कांग्रेस को जवाब- भ्रष्टाचार के डर से रक्षा उपकरण खरीदना रोक दें?
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और जहाजरानी मंत्री ने कहा कि क्या महत्वपूर्ण रक्षा उपकरणों की खरीद पांच-छह वर्षों तक के लिए सिर्फ भ्रष्टाचार के डर से टाल दी जानी चाहिए?
मुंबई, पीटीआइ। राफेल सौदे को लेकर केंद्र सरकार पर कांग्रेस के हमलों के बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि इसमें भ्रष्टाचार की बात करने वाले गैरजिम्मेदार और राष्ट्रविरोधी हैं। शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि इसमें भ्रष्टाचार कहां हुआ है। उन्होंने पूछा कि क्या देश को राफेल जैसे अग्रिम दस्ते के लड़ाकू विमानों की जरूरत नहीं है? उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही कांग्रेस ने मोदी सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने और इस खरीद में 12,632 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और जहाजरानी मंत्री ने कहा कि क्या महत्वपूर्ण रक्षा उपकरणों की खरीद पांच-छह वर्षों तक के लिए सिर्फ भ्रष्टाचार के डर से टाल दी जानी चाहिए? पंजाब नेशनल बैंक में 13,000 करोड़ के घोटाले पर उन्होंने कहा कि नीरव मोदी से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। हमारी सरकार पर इसका आरोप लगाना पूरी तरह से गलत है। कांग्रेस या संप्रग का नाम लिए बगैर गडकरी ने पूछा कि जब नीरव को लोन दिया गया था, तो किसकी सरकार थी? उन्होंने कहा कि नीरव मोदी, ललित मोदी और विजय माल्या जैसे विदेश जा चुके भ्रष्टाचार के आरोपितों के खिलाफ मोदी सरकार उचित कदम उठाएगी।
पीएम बनने की कोई इच्छा नहीं, मैं संतुष्ट आदमी हूं
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि उन्हें जिंदगी में जो कुछ मिला है, उससे वे संतुष्ट हैं और प्रधानमंत्री बनने की उनकी कोई इच्छा नहीं है। उनसे पूछा गया था कि अगले लोकसभा चुनाव में यदि भाजपा को अपने दम पर बहुमत नहीं मिलता है, तो क्या वे पीएम पद के लिए आमसहमति का उम्मीदवार बन सकते हैं? इस पर गडकरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी अपने दम पर फिर से सरकार बनाएगी।