विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गांधी की हत्या की धमकी पर नेहरू ने खुफिया जानकारी के बावजूद कार्रवाई नहीं की?', भाजपा सांसद का बड़ा दावा

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:34 PM (IST)

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने महात्मा गांधी की हत्या से जुड़ी परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं, जिसमें उन्होंने तत्कालीन पीएम नेहरू की भूमिका पर संदेह व्यक्त किया है।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे (File Photo-ANI)

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे (File Photo-ANI)

HighLights

  1. निशिकांत दुबे ने गांधी हत्या की परिस्थितियों पर सवाल उठाए।

  2. नेहरू पर खुफिया जानकारी के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप।

  3. कपूर समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक न करने पर भी सवाल।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने महात्मा गांधी की हत्या से जुड़ी परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि क्या तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को सुरक्षा खतरे की पहले से जानकारी थी और क्या उनकी सरकार ने 30 जनवरी, 1948 को हुई हत्या से पहले खुफिया इनपुट मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं की?

एक्स पर ‘कांग्रेस का काला अध्याय, अध्याय-253’ शीर्षक से पोस्ट में दुबे ने महात्मा गांधी की हत्या से जुड़े नए तथ्यों की जांच के लिए 1966 में गठित न्यायमूर्ति जीवन लाल कपूर समिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समिति ने रिपोर्ट 1969 में सौंपी थी, लेकिन नेहरू पर संदेह उठने के कारण इसे 1977 तक सार्वजनिक नहीं किया गया।

दुबे के मुताबिक, 24 नवंबर 1964 को पुणे में केतकर ने हत्या के संबंध में राजफाश किया था, जिससे पूरा देश हिल गया था। संसद में तीखी बहस के बाद केंद्र सरकार ने जांच समिति गठित करने का वादा किया और दो साल बाद समिति बनाई गई। इसने हत्या की जांच कर चुके पहले के सभी आयोगों और समितियों की रिपोर्टों का अध्ययन किया।

दुबे ने आगे कहा कि उस समय मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी नागरवाला ने बताया था कि 20 जनवरी, 1948 को मदन लाल पाहवा ने महात्मा गांधी की हत्या की कोशिश में बम फेंका था। उन्होंने लिखा-" "मदन लाल की गिरफ्तारी के बाद पता चला कि पुणे के कुछ युवक महात्मा गांधी की हत्या करना चाहते थे। मुंबई के गृह मंत्री ने यह रिपोर्ट तत्कालीन मुख्यमंत्री मोरारजी देसाई को सौंपी थी।

मोरारजी देसाई ने न्यायमूर्ति कपूर समिति को बताया कि उन्होंने जांच रिपोर्ट के साथ अपने विशेष दूत को दिल्ली भेजकर सरदार पटेल तक पहुंचाया था और गृह मंत्री सरदार पटेल ने रिपोर्ट प्रधानमंत्री नेहरू को सौंप दी थी। नेहरू ने इस रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं की और महात्मा गांधी की सुरक्षा और कम कर दी गई।

इसका नतीजा 30 जनवरी, 1948 को महात्मा गांधी की हत्या के रूप में सामने आया। जांच आयोग के सामने मनुबेन, सरलाबेन और अन्य लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और केंद्र सरकार पर लापरवाही के आरोप लगाए थे।

दुबे ने कहा कि सभी न्यायिक आयोगों की रिपोर्ट के आधार पर नेहरू-गांधी परिवार की भूमिका देश के सामने रखी जानी चाहिए। बता दें कि महात्मा गांधी की 30 जनवरी 1948 को नई दिल्ली में नाथूराम गोडसे ने हत्या की थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।