विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान साइबर हमले मामले में एक्शन, NIA की 5 राज्यों में छापेमारी; 54 सरकारी वेबसाइटें थीं निशाने पर

Published: Tue, 25 Aug 2026 12:04 AM (IST)

एनआईए ने 2025 के गुजरात साइबर आतंकवाद हमले के मामले में पांच राज्यों के पांच स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें ...और पढ़ें

गुजरात साइबर आतंकी हमले के मामले में एनआईए के पांच राज्यों में छापे

गुजरात साइबर आतंकी हमले के मामले में एनआईए के पांच राज्यों में छापे

HighLights

  1. एनआईए ने पांच राज्यों में की छापेमारी।

  2. 'ऑपरेशन सिंदूर' के साइबर हमले की जांच।

  3. डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त।

पीटीआई, नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने 2025 के गुजरात साइबर आतंकवाद हमले के मामले में सोमवार को पांच राज्यों में पांच स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई ‘आपरेशन सिंदूर’ के दौरान हुए साइबर हमलों की जांच के तहत की गई।

एनआइए के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे स्थित जुन्नर, गुजरात के खेड़ा स्थित नडियाद, तेलंगाना के करीमनगर स्थित रामागुंडम, बिहार के गोपालगंज और दिल्ली में संदिग्धों के परिसरों की तलाशी ली गई।

यह मामला 25 जून 2025 को दर्ज किया गया था और मूल रूप से गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने इसे दर्ज किया था।जांच एजेंसी का आरोप है कि आरोपितों ने ‘आपरेशन सिंदूर’ के दौरान केंद्र सरकार की 54 वेबसाइटों पर अत्याधुनिक डिस्ट्रिब्यूटेड डिनायल आफ सर्विस (डीडीओएस) हमले करने का प्रयास किया।

इन हमलों का उद्देश्य महत्वपूर्ण कंप्यूटर संसाधनों और क्रिटिकल इंफार्मेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर देश की संप्रभुता, सुरक्षा और एकता को नुकसान पहुंचाना तथा लोगों में भय पैदा करना था।

मामले में अब तक दो आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तकनीकी जांच के दौरान एनआइए ने ऐसे संदिग्धों की पहचान की, जिन्होंने कथित तौर पर हमलों की तैयारी और तकनीकी कौशल बढ़ाने में आरोपितों की मदद की थी।

तलाशी के दौरान एनआइए ने तीन लैपटाप, पांच मोबाइल फोन, पेन ड्राइव सहित अन्य डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए। एजेंसी ने संदिग्धों से गिरफ्तार आरोपितों के साथ उनके संबंधों को लेकर पूछताछ भी की।