फ्लाईदुबई चाकूबाजी मामले में NIA कर रही भारतीय लिंक की जांच, यूएई से मांगी जानकारी
फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट पर चाकू से हमले के मामले में एनआईए संभावित भारतीय कनेक्शन की जांच कर रही है। एनआईए ने इस सिलसिले में यूएई से दस्तावेज और कुछ लोगों से पूछताछ की अनुमति मांगी है।

फ्लाईदुबई चाकूबाजी मामले में NIA कर रही भारतीय लिंक की जांच (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
एनआईए ने यूएई दस्तावेज और कुछ लोगों से पूछताछ की अनुमति मांगी है
एनआईए ने एंटी-हाईजैकिंग एक्ट और यूएपीए की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट पर चाकू से हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) संभावित भारतीय कनेक्शन की जांच कर रही है। एनआईए ने इस सिलसिले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से दस्तावेज और कुछ लोगों से पूछताछ की अनुमति मांगी है।
एनआईए महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि एजेंसी आरोपी ओमानी फर्स्ट ऑफिसर के किसी भारतीय संपर्क या नेटवर्क की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने यूएई को म्यूचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी (एमएलएटी) के तहत अनुरोध भेजा है। इसमें कुछ दस्तावेजों की कॉपी और वहां कुछ लोगों से पूछताछ की अनुमति मांगी गई है। हम उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं।
अग्रवाल ने बताया कि आरोपी की बैकग्राउंड भी जांच के दायरे में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह ऑस्ट्रेलिया या यूके में पढ़ाई कर चुका है। एजेंसी देख रही है कि वहां उसके संपर्क में कौन-कौन लोग आए और क्या उनमें कोई भारतीय था।
एनआईए ने अक्टूबर में इस मामले में केस दर्ज किया था। 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट एफजेड 1073 में ओमानी फर्स्ट ऑफिसर ने कप्तान स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया था। हमला सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में जॉर्डन-सऊदी सीमा के पास हुआ। कथित तौर पर विमान हाईजैक करने या क्रैश कराने की कोशिश थी।
कप्तान मच्छर गंभीर रूप से घायल हो गए। विमान में 174 यात्री और 6 क्रू सदस्य थे। अन्य पायलटों ने विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया। आरोपी को सऊदी अथॉरिटीज ने गिरफ्तार कर लिया।
एनआईए ने एंटी-हाईजैकिंग एक्ट और यूएपीए की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब एजेंसी बड़े षड्यंत्र और किसी भारतीय लिंक की जांच पर फोकस कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।