आइएस के 17 आतंकियों के खिलाफ एनआइए ने दाखिल किया आरोप पत्र, आतंकी हमले की रच रहे थे साजिश
बेंगलुरु के पाशा व कुड्डालूर (तमिलनाडु) के मोईदीन की पहल पर 17 प्रमुख आरोपितों ने आतंकी समूह बनाया।
नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने सोमवार को आतंकी संगठन आइएस से जुड़े 17 आतंकियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। ये आरोपित दक्षिण भारत में आइएस की गतिविधियों को बढ़ा रहे थे और आतंकी संगठन बनाकर देश के विभिन्न स्थानों पर आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। एनआइए के प्रवक्ता ने बताया कि महबूब पाशा, खाजा मोईदीन व एम. सादिक बाशा समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आइपीसी), गैरकानूनी गतिविधि निरोधक अधिनियम (यूएपीए) व शस्त्र अधिनियम से संबंधित धाराओं के तहत बेंगलुरु की एक विशेष एनआइए अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया।
NIA today filed charge-sheet against 17 key conspirators who formed a terror group initiated by ISIS terrorists Mehboob Pasha of Bangalore & Khaja Moideen of Cuddalore for their role in furthering & perpetrating ISIS activities in India, especially in Karnataka & Tamil Nadu: NIA pic.twitter.com/BCvC8C6Ext
— ANI (@ANI) July 13, 2020
बेंगलुरु के पाशा व कुड्डालूर (तमिलनाडु) के मोईदीन की पहल पर 17 प्रमुख आरोपितों ने आतंकी समूह बनाया। बेंगलुरु में प्रतिबंधित आतंकी संगठन आइएस का सहयोगी संगठन अलहिंद इसका जरिया बना। इसका उद्देश्य भारत तथा खासकर तमिलनाडु व कर्नाटक में आइएस की गतिविधियों को बढ़ाना था। उन्होंने कहा कि अपनी साजिश को आगे बढ़ाने के लिए पाशा व मोईदीन ने कुछ युवकों की भर्ती की तथा हथियार, गोलाबारूद व शक्तिशाली आइईडी बनाने के लिए बड़ी संख्या में विस्फोटक इकट्ठा किए।
देश में आतंकी हमले की फिराक में थे पुणे से गिरफ्तार आइएस के गुर्गे
उधर, महाराष्ट्र के पुणे से रविवार को गिरफ्तार किए गए आतंकी संगठन आइएस खुरासान के दोनों गुर्गे देश में आतंकी हमलों को अंजाम देने के फिराक में थे। आरोपित देश के लोगों को गुमराह कर आतंकी संगठन में भर्ती करने और आइएस की विचारधारा को फैलाने का भी काम कर रहे थे।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) के प्रवक्ता ने बताया कि पुणे से गिरफ्तार किया गया 27 वर्षीय नाबील एस. खत्री जिम चलाता है, जबकि 22 वर्षीय सादिया अनवर शेख बारामती में मास कम्यूनिकेशन एवं पत्रकारिता की पढ़ाई कर रही है। दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने जामिया नगर से जहांजैब सामी व उसकी पत्नी हिना बशीर बेग की गिरफ्तारी के बाद आठ मार्च को एक मामला दर्ज किया था। दोनों आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) के खुरासान मॉड्यूल से जुड़े थे। वे देश विरोधी गतिविधियों में भी संलिप्त थे। उनका अब्दुल्लाह बासित से भी संबंध था, जो फिलहाल एनआइए के एक अन्य मामले में तिहाड़ जेल में बंद है।