हाईवे पर सफर करते हुए भी कमा सकते हैं पैसे, बस करना होगा यह छोटा सा काम; NHAI ने शुरू की नई पहल
NHAI ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर शौचालयों की स्वच्छता सुधारने के लिए 'क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज' शुरू किया है। यात्री 'राजमार्ग ...और पढ़ें

राष्ट्रीय राजमार्गों पर गंदे शौचालय की शिकायत कर पाएं पैसे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। NHAI ने देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों के अनुभव को बेहतर और सुगम बनाने के लिए बेहद दिलचस्प और उपयोगी पहल की शुरुआत की है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारिक बयान के अनुसार, सरकार के विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज शुरू किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित शौचालयों में साफ-सफाई और स्वच्छता के स्तर में सुधार करना है।
साथ ही इसमें 1000 रुपये का इनाम भी रखा गया है।
कैसे मिलेगा इनाम?
इस योजना के तहत, अगर आप हाईवे पर चल रहे हैं और वहां किसी टोल प्लाजा या एनएचएआई के दायरे में आने वाले शौचालय आपको गंदे मिलते हैं, तो इसकी शिकायत आप कर सकते हैं। इसके लिए यात्रियों को राजमार्ग यात्रा ऐप का लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल करना होगा।
ऐप के माध्यम से गंदे शौचालय की जियो-टैग की गई और समय दर्ज (टाइम-स्टैम्प) तस्वीर अपलोड करनी होगी। इसके साथ ही उपयोगकर्ता को अपना नाम, स्थान, मोबाइल नंबर और वाहन पंजीकरण नंबर जैसी जरूरी जानकारियां भी देनी होंगी।
यदि रिपोर्ट सही पाई जाती है, तो शिकायतकर्ता को उनके वाहन पंजीकरण नंबर से जुड़े फास्टैग में रिचार्ज के रूप में 1,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह इनाम राशि अहस्तांतरणीय है और इसे किसी अन्य व्यक्ति को ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है, साथ ही इसे नकद रूप में भी प्राप्त नहीं किया जा सकता है। यह अभियान 31 अक्टूबर 2025 तक पूरे भारत के राष्ट्रीय राजमार्गों पर लागू रहेगा।
जान लीजिए नियम और शर्तें
यह योजना केवल उन्हीं शौचालयों पर लागू होगी जो प्रत्यक्ष रूप से NHAI के अधिकार क्षेत्र में आते हैं या जिनका निर्माण, संचालन और रखरखाव एनएचएआई द्वारा किया जाता है। पेट्रोल पंप, सड़क किनारे बने ढाबों और एनएचएआई के नियंत्रण से बाहर की अन्य जगहों पर बने शौचालय इस दायरे में शामिल नहीं होंगे।
इसके अलावा, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कुछ कड़े नियम भी तय किए गए हैं:
इस अभियान के दौरान प्रत्येक वाहन पंजीकरण नंबर के लिए केवल एक ही इनाम दिया जाएगा।
एक दिन में एक शौचालय सुविधा के लिए केवल पहली सही रिपोर्ट ही मान्य होगी। यदि एक ही दिन में एक ही स्थान पर कई शिकायतें आती हैं, तो सबसे पहले भेजी गई तस्वीर को ही स्वीकार किया जाएगा।
तस्वीरें पूरी तरह स्पष्ट, जियो-टैग और टाइम-स्टैम्प वाली होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की डुप्लिकेट, एडिट की गई या पुरानी तस्वीरों को खारिज कर दिया जाएगा।
सभी रिपोर्टों की जांच एआई-आधारित स्क्रीनिंग और जरूरत पड़ने पर मैन्युअल सत्यापन के जरिए की जाएगी।
यात्रा को बेहतर बनाने का अभियान
यह अभियान हाईवे यात्रा को बेहतर बनाने के व्यापक प्रयासों का एक हिस्सा है। इसके अलावा, गड्ढों की तुरंत मरम्मत, टोल प्लाजा शौचालयों की नियमित सफाई, सड़क सुरक्षा संकेतों में सुधार, फ्लाईओवर का सौंदर्यीकरण और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे से अतिक्रमण हटाने जैसे कार्य भी इस विशेष अभियान में शामिल किए गए हैं।
