हाईवे पर बिना रुके कट रहा टोल, सरकार को हो रहा बड़ा फायदा; NHAI ने बैरियर-लेस 7 टोल प्लाजा से कमाए 538 करोड़
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल प्रणाली ने मई से अक्टूबर 2026 के दौरान सात टोल प्लाजा पर राजस्व में 19.84% की वृद्धि दर्ज की, जो 538.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

NHAI की बाधारहित टोल प्रणाली से राजस्व में रिकॉर्ड उछाल (फाइल फोटो)
HighLights
MLFF प्रणाली से NHAI का राजस्व 19.84% बढ़ा।
सात टोल प्लाजा से 538.95 करोड़ रुपये का शुद्ध राजस्व।
टोल चोरी रोकने के लिए NHAI सख्त कार्रवाई कर रहा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) आधारित बाधारहित टोल प्रणाली से मई से अक्तूबर 2026 के दौरान सात चालू टोल प्लाजा पर शुद्ध टोल राजस्व 19.84 प्रतिशत बढ़कर 538.95 करोड़ रुपये हो गया।
एमएलएफएफ टोल प्रणाली की शुरुआत एक मई, 2026 को गुजरात के चोर्यासी टोल प्लाजा पर हुई थी। बाद में इसे मुंडका, दौलतपुरा, घरौंडा, मनोहरपुरा, शाहजहांपुर और परनूर टोल प्लाजा पर चालू किया गया। नेमिली और चेनासमुद्रम टोल प्लाजा पर यह प्रणाली नवंबर 2026 में शुरू हुई।
नेमिली और चेनासमुद्रम को छोड़कर, इन टोल प्लाजा ने कुल 538.95 करोड़ रुपये का शुद्ध राजस्व अर्जित किया है। एमएलएफएफ प्रणाली से पहले 2025 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 449.72 करोड़ रुपये था।
एनएचएआई ने कहा कि बाधारहित टोल प्रणाली (बैरियर लैस टोलिंग) अपनाने से परिचालन और वित्तीय क्षेत्र में महत्वपूर्ण लाभ हुए हैं। हालांकि, ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिनमें कुछ वाहन मालिक टोल भुगतान से बचने के लिए जानबूझकर अपने वाहनों की पंजीकरण नंबर प्लेट को ढक रहे हैं, छिपा रहे हैं या उनके साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और कार्रवाई की जा रही है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)