समाचार पत्रों के प्रसार में आठ फीसदी की वृद्धि
वर्ष 2010-11 में समाचार पत्रों के प्रसार में उल्लेखनीय तेजी दर्ज की गई है। प्रसार के मामले में यूपी पहले नंबर पर रही तो दिल्ली दूसरे नंबर पर रही।
नई दिल्ली। पश्चिमी देशों में समाचार पत्र उद्योग भले ही अनिश्चितता का सामना कर रहा हो लेकिन भारत में समाचार पत्रों के प्रसार में वृद्धि का दौर जारी है। साल 2010-11 में आठ फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। क्षेत्रीय दैनिकों ने इस मामले में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।
रजिस्ट्रार ऑफ न्यूजपेपर्स फॉर इंडिया की 55 वीं रिपोर्ट में कहा गया कि साल 2010-11 में देश में समाचार पत्रों के प्रसार में 8.23 फीसदी तक वृद्धि दर्ज की गई।
प्रसार के मामले में उत्तर प्रदेश 6.97 करोड़ प्रतियों के साथ शीर्ष पर रहा। 5.27 करोड़ प्रतियों के साथ प्रसार के मामले में दिल्ली दूसरे स्थान पर रहा और 2.9 करोड़ से अधिक प्रतियों के साथ महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर रहा। वर्ष 2010-11 के दौरान सबसे अधिक हिंदी भाषा में 7910 समाचार पत्रों का प्रकाशन किया गया। उसके बाद अंग्रेजी में 1406 और उर्दू में 938 अखबारों का प्रकाशन किया गया। हैदराबाद से प्रकाशित तेलगू दैनिक 'ईनाडू' 16 लाख 74 हजार 305 प्रतियों के साथ सर्वाधिक प्रसार वाला एकल संस्करण वाला अखबार है।
वर्ष 2010-11 में समाचार पत्रों के प्रसार में उल्लेखनीय तेजी दर्ज की गई है। प्रसार के मामले में यूपी पहले नंबर पर रही तो दिल्ली दूसरे नंबर पर रही।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर