विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाईवे बनाने वाले ठेकेदारों के लिए नया नियम, कैसे तय होगी बोली? आपका कार्ड बताएगा पूरी डिटेल

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:04 PM (IST)

सड़क परिवहन मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग ठेकेदारों के लिए नए नियम प्रस्तावित किए हैं, जिसमें उनकी क्षमता का मूल्यांकन प्रदर्शन रेटिंग और चल रही परियोजनाओं में देरी के आधार पर होगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग ठेकेदारों के लिए सख्त हुए नियम (सांकेतिक तस्वीर)

राष्ट्रीय राजमार्ग ठेकेदारों के लिए सख्त हुए नियम (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. ठेकेदारों की क्षमता अब प्रदर्शन रेटिंग से आंकी जाएगी।

  2. संयुक्त उद्यम के नियम सख्त, सदस्यों की संख्या घटी।

  3. खराब प्रदर्शन पर जवाबदेही बढ़ी, काउंटर ऑफर खत्म।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ठेकेदारों पर और सख्ती बढ़ाने के लिए कमर कस ली है। मंत्रालय ने इंजीनयरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड की हाईवे परियोजनाओं के माडल रिक्वेस्ट फार प्रपोजल के लिए नए संशोधनों का प्रस्ताव किया है।

इसमें प्रमुखता से इसे शामिल किया गया है कि किसी भी परियोजना की निविदा में बोली लगाने के लिए ठेकेदार की क्षमता को सबसे अच्छे वित्तीय वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर नहीं आंका जाएगा, बल्कि उसकी परफार्मेंस रेटिंग और चल रही परियोजनाओं के काम में होने वाली देरी से जोड़ा जाएगा।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय का मानना है कि इन प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य बोलीदाताओं की पात्रता को मजबूत करना, उनकी वित्तीय और तकनीकी क्षमता के मूल्यांकन में सुधार करना, जवाबदेही को बढ़ावा देना और बोली लगाने और ठेका देने की प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता लाना है। संयुक्त उद्यम यानी ज्वाइंट वेंचर को लेकर भी नियमों में सख्ती का प्रस्ताव है।

ज्वाइंट वेंचर में सदस्यों की अधिकतम संख्या तीन से घटाकर दो कर दी गई है। इसके साथ ही आम तौर पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के लिए ही संयुक्त उद्यम की अनुमति होगी। ध्यान रहे कि अक्सर देखा जाता है कि ठेकेदारों के पास काम अधिक हो तो वह छोटी परियोजनाओं में भी ज्वाइंट वेंचर कर लेते हैं और छोटे-छोटे ठेकेदारों से काम पूरा कराते हैं। इससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने का संकट रहता है।

सरकार ने बताया कि तकनीकी पात्रता में भी वृद्धि का प्रस्ताव है। बड़े पुलों, संरचनाओं और सुरंगों के लिए प्रारूप में अतिरिक्त पात्रता मानदंड जोड़े गए हैं। वहीं, जवाबदेही को मजबूत करने के लिए खराब प्रदर्शन (नान परफार्मेंस) के मानदंडों की संख्या को 20 से घटाकर सात कर दिया गया है, जिनके लिए स्पष्ट सीमाएं तय की गई हैं। बड़ी विफलताओं, परियोजना रद होने, प्रतिबंधित किए जाने और दिवालियापन से जुड़े प्रविधानों को भी और सख्त किए जाने का प्रस्ताव है।

खत्म होगी काउंटर ऑफर की व्यवस्था

अभी व्यवस्था है कि दूसरे और तीसरे सबसे कम बोली लगाने वालों को क्रमिक रूप से'काउंटर-ऑफर' दिया जाता है। संशोधित प्रारूप में इस व्यवस्था को हटाया गया है। यदि सबसे कम बोली लगाने वाला अयोग्य पाया जाता है तो प्राधिकरण पूरी प्रक्रिया को रद कर सकता है और नई बोलियां आमंत्रित कर सकता है।

वहीं, अब बोलीदाताओं को चल रहे विवादों, मुकदमों, आर्बिट्रेशन और दंडात्मक कार्रवाइयों के बारे में जानकारी देनी होगी। बोली प्रक्रिया के दौरान भी उन्हें इस जानकारी को अपडेट रखना होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।