देश में लगातार तीन दिनों से 90 हजार से ज्यादा कोरोना के नए मामले, जानें- कुल कितने हुए एक्टिव केस
Coronavirus in India News Updates देश में लगातार तीन दिनों से 90 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इस दौरान 50143 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए हैं और 446 और मरीजों की जान गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के प्रसार में उछाल के चलते सक्रिय मामलों में भी लगातार 27 दिनों से बढ़ोतरी हो रही है। पिछले तीन दिनों से रोजाना 90 हजार से ज्यादा नए मामले भी सामने आ रहे हैं, हालांकि, मरने वालों का दैनिक आंकड़ा पिछले दो दिनों से पांच सौ से नीचे बना हुआ है। नए मामलों की तुलना में ठीक होने वालों मरीजों की संख्या कम होने से उबरने की दर भी लगातार गिर रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामलों में 46,839 की वृद्धि हुई है। वर्तमान में सक्रिय मामले 7,88,223 हो गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 6.21 फीसद है। 12 फरवरी को सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 1,35,926 पर आ गई थी। आंकड़ों के मुताबिक उपरोक्त अवधि के दौरान देशभर में 96,982 नए केस मिले हैं। लगातार तीन दिनों से 90 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इस दौरान 50,143 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए हैं और 446 और मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 26 लाख 86 हजार से ज्यादा हो गया है। इनमें से एक करोड़ 17 लाख 32 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हो चुके हैं और 1,65,547 लोगों की जान भी जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर घटकर 92.48 फीसद पर आ गई है और मृत्युदर 1.30 हो गई है।
अब तक 25 करोड़ से अधिक नमूनों का परीक्षण भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषषद (ICMR) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देश भर में सोमवार को 12,11,612 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 25.02 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।
पुणे में व्यापारियों ने दुकानें बंद रखने के निर्देशों का किया विरोध
महाराष्ट्र के पुणे शहर में व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर शेष दुकानों और सेवाओं को 30 अप्रैल तक बंद रखने के राज्य सरकार के निर्देशों का विरोध किया है। व्यापारिक संगठन ने कहा है कि वह इस फैसले के विरोध में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों को पत्र लिखेगा। व्यापारिक संगठन का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं वाली दुकानों पर ही सबसे ज्यादा भीड़ होती है। सख्त लॉकडाउन पर भाजपा का उद्धव सरकार पर हमला भाजपा ने महाराष्ट्र में सख्त लॉकडाउन लगाने के लिए उद्धव ठाकरे सरकार की आलोचना की है। भाजपा की स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश पार्टी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि सख्त लॉकडाउन लागू कर राज्य सरकार ने लोगों के साथ धोखा किया है और समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों के लिए आर्थिक पैकेज की भी मांग की।