विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नई अमृत भारत एक्सप्रेस का रूट: गुजरात से बिहार तक चलेगी ट्रेन, राजस्थान से UP तक किन-किन शहरों को जोड़ेगी?

Published: Fri, 25 Sep 2026 07:05 PM (IST)

भारतीय रेलवे ने भुज से बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दी है, जो गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ेगी।

भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी, 2,532 किमी का सफर तय करेगी

भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी, 2,532 किमी का सफर तय करेगी

HighLights

  1. भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी, 2,532 किमी का सफर तय करेगी

  2. यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार को आपस में जोड़ेगी

  3. झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस अब मथुरा तक विस्तारित, कनेक्टिविटी बढ़ी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच सप्ताह में तीन दिन चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह नई ट्रेन 2532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार से होकर गुजरेगी। यह ट्रेन हफ्ते में तीन दिन चलेगी। ट्रेन नंबर 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से 17:30 बजे चलेगी और बरौनी 04:05 बजे पहुंचेगी।

वापसी की दिशा में, ट्रेन नंबर 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से 23:55 बजे चलेगी और भुज 13:15 बजे पहुंचेगी। भुज-बरौनी सर्विस सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी, जबकि बरौनी-भुज सर्विस मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।

किन-किन शहरों में होगा स्टॉप?

इस नई ट्रेन के रास्ते में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर कमर्शियल स्टॉपेज होंगे, जिनमें समखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं।

यह नई ट्रेन देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प देगी और गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी में सुधार करेगी।

लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस का विस्तार 

भारतीय रेलवे ने ट्रेन नंबर 11901/11902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस को मथुरा स्टेशन तक बढ़ाने की भी मंजूरी दे दी है। इस विस्तार से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और मथुरा के बीच एक और ट्रेन सर्विस मिलेगी, जिससे झांसी, आगरा और मथुरा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को ज्यादा सुविधा होगी।

मंजूर किए गए विस्तार के साथ, ट्रेन नंबर 11901 अब वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से मथुरा तक चलेगी, जबकि ट्रेन नंबर 11902 मथुरा से वापस वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के लिए चलेगी।

कहां तक हुआ विस्तार?

मथुरा तक विस्तार होने से ट्रेन की कुल यात्रा दूरी 217 किमी से बढ़कर 270 किमी हो जाएगी। ट्रेन सेवा के बढ़े हुए हिस्से में राजा की मंडी, रुनकुटा, दीन दयाल धाम और बाड़ पर कमर्शियल स्टॉपेज होंगे।

बढ़ी हुई सेवा के तहत, ट्रेन नंबर 11901 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से 16:00 बजे चलेगी और 23:00 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी की दिशा में, ट्रेन नंबर 11902 मथुरा से 5:05 बजे चलेगी और 12:50 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी।

बयान में आगे कहा गया है कि इस विस्तार से झांसी, आगरा और मथुरा के बीच यात्रियों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और बढ़े हुए रूट पर पड़ने वाले बीच के स्टेशनों तक पहुंच बेहतर होगी। 

(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- कानपुर से दिल्ली के लिए रात में चलेगी एक और ट्रेन, जानें टाइमिंग और किन स्टेशनों में रहेगा स्टापेज